लखनऊ: जानकीपुरम में पुलिस चौकी से 150 मीटर दूर ‘पत्रकार संघ’ के कार्यालय में भीषण चोरी, तीन ताले तोड़ नकदी और कैमरे उड़ाए

लखनऊ: जानकीपुरम में पुलिस चौकी से 150 मीटर दूर ‘पत्रकार संघ’ के कार्यालय में भीषण चोरी, तीन ताले तोड़ नकदी और कैमरे उड़ाए
लखनऊ। राजधानी के थाना जानकीपुरम क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर 8/24 स्थित ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ (IHG) के कार्यालय में देर रात बेखौफ बदमाशों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस चौकी से महज 150 मीटर की दूरी पर हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार (25 जुलाई) देर रात लगभग 2 बजे की है। मुंह पर कपड़ा बांधे और हाथों में दस्ताने पहने दो अज्ञात बदमाश दीवार फांदकर कार्यालय परिसर में दाखिल हुए। चोरों ने गेट पर लगे तीन मजबूत ताले तोड़ दिए और अंदर घुसकर केबिन में रखे 10,000 रुपये नकद तथा बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा उखाड़कर फरार हो गए। हालांकि, बदमाशों ने अंदरूनी केबिन का दरवाजा भी तोड़ने की कोशिश की, लेकिन उसे तोड़ने में नाकाम रहे।
रविवार सुबह जब स्टाफ दफ्तर पहुंचा, तो ताले टूटे और सामान बिखरा देख पुलिस को सूचना दी।
सीसीटीवी में कैद हुए चोर: घटना की लिखित शिकायत थाना जानकीपुरम व भिठौली पुलिस चौकी में दर्ज कराई गई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी सत्येंद्र सिंह ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
पहचान छिपाने की कोशिश: फुटेज में दो नकाबपोश चोर हाथों में ग्लव्स पहनकर ताले तोड़ते और चोरी करते साफ नजर आ रहे हैं।
चौकी से चंद कदमों की दूरी पर हुई इस घटना ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल जानकीपुरम पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश और मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।



