जखनियां/गाजीपुर : जिला बदर: भुड़कुड़ा अन्तर्गत संजय यादव छह माह के लिए गाजीपुर से निष्कासित, घर पर मुनादी कर चस्पा किया गया आदेश

जिला बदर: भुड़कुड़ा अन्तर्गत संजय यादव छह माह के लिए गाजीपुर से निष्कासित, घर पर मुनादी कर चस्पा किया गया आदेश

जखनियां/गाजीपुर। जनपद गाजीपुर के थाना भुड़कुड़ा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तालगांव उर्फ मोलनापुर निवासी संजय यादव पुत्र कल्पनाथ यादव को जिला प्रशासन ने छह माह के लिए जनपद गाजीपुर की सीमा से जिला बदर (निर्वासित) कर दिया है। जिला मजिस्ट्रेट अनुपम शुक्ला द्वारा 16 जुलाई 2026 को पारित आदेश के अनुपालन में शनिवार को भुड़कुड़ा पुलिस ने उनके घर पहुंचकर मुनादी कराई तथा आदेश की प्रति मकान पर चस्पा कर विधिवत कार्रवाई पूरी की।जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुसार जिला बदर की छह माह की अवधि के दौरान संजय यादव को जनपद गाजीपुर की सीमा से बाहर रहना होगा। जिस स्थान पर वह निवास करेगा, उसकी सूचना संबंधित क्षेत्र के निकटतम पुलिस थाना एवं सक्षम अधिकारियों को देना अनिवार्य होगा। साथ ही अपने गमनागमन की जानकारी भी समय-समय पर पुलिस प्रशासन को उपलब्ध करानी होगी।आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिला बदर की अवधि समाप्त होने के बाद संबंधित व्यक्ति को थाना भुड़कुड़ा सहित संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना देनी होगी। यदि इस अवधि के दौरान किसी न्यायालय में उसकी उपस्थिति आवश्यक होती है, तो उसे सक्षम प्राधिकारी से अनुमति प्राप्त करने के बाद ही न्यायालय में उपस्थित होने की अनुमति होगी।जिला प्रशासन के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र पाण्डेय पुलिस बल के साथ संजय यादव के आवास पहुंचे। वहां सार्वजनिक रूप से मुनादी कराकर जिला बदर आदेश की प्रति मकान पर चस्पा की गई, ताकि आदेश की जानकारी आमजन को भी हो सके।इस संबंध में कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र पाण्डेय ने बताया कि संजय यादव के विरुद्ध दर्ज आपराधिक मामलों एवं जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन में जिला बदर की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि आदेश का उल्लंघन किए जाने पर नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस एवं जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिला बदर आदेश का कड़ाई से पालन कराया जाएगा तथा इसकी निरंतर निगरानी की जाएगी, जिससे जनपद में कानून-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखी जा सके।



