गाजीपुर : मरदह में पुलिस मुठभेड़: पॉक्सो मामले का वांछित आरोपी पैर में गोली लगने से घायल, गिरफ्तार

मरदह में पुलिस मुठभेड़: पॉक्सो मामले का वांछित आरोपी पैर में गोली लगने से घायल, गिरफ्तार
पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, तमंचा, कारतूस, अपाचे बाइक और नकदी बरामद

गाजीपुर, 17 जून 2026। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मरदह पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना मरदह में दर्ज पॉक्सो एवं अन्य गंभीर धाराओं के मामले में वांछित एक अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल और नकदी बरामद की है।पुलिस के अनुसार, बुधवार को प्रभारी निरीक्षक तारावती यादव अपनी टीम के साथ करहर बुजुर्ग तिराहे पर चेकिंग अभियान चला रही थीं। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना मरदह में पंजीकृत मु0अ0सं0-0149/2026 धारा 137(2), 64(1), 115(2), 351(3) बीएनएस एवं 3/4 पॉक्सो एक्ट में वांछित अभियुक्त क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अभियुक्त को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देखकर अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे तत्काल मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरदह भेजा गया।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संतोष यादव (40 वर्ष) पुत्र उमाशंकर यादव, निवासी ग्राम देवरिया, थाना जमानियां, हाल पता वयेपुर देवकली, थाना कोतवाली, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से—एक अदद तमंचा 315 बोर एक जिंदा कारतूस 315 बोर दो खोखा कारतूस 315 बोर एक अपाचे मोटरसाइकिल 750 रुपये नगद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर थाना मरदह में मु0अ0सं0-173/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस ने बताया कि घटना के अनावरण में यक्ष एप की भी सहायता ली गई। लंबित अपराधों में पूर्व में जेल जा चुके तथा घटनास्थल के आसपास रहने वाले अपराधियों की सूची तैयार कर गहन जांच की गई, जिसके आधार पर अभियुक्त की पहचान और गिरफ्तारी संभव हो सकी।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार संतोष यादव के विरुद्ध पूर्व में लूट, धोखाधड़ी एवं अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें कोतवाली और नंदगंज थानों में पंजीकृत मामले भी शामिल हैं।मुठभेड़ एवं गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक तारावती यादव एवं थाना मरदह पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



