Breaking Newsभारत

गाजीपुर : ‘सेवा, सुशासन और सम्मान’ का उत्सव: भांवरकोल में स्वयं सहायता समूहों से रूबरू हुए जिलाधिकारी

‘सेवा, सुशासन और सम्मान’ का उत्सव: भांवरकोल में स्वयं सहायता समूहों से रूबरू हुए जिलाधिकारी

तीन दिवसीय जनजागरूकता अभियान का भव्य समापन, प्रदर्शनी, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर और अन्नप्राशन-गोद भराई कार्यक्रम बने आकर्षण का केंद्र

गाजीपुर, 16 जून 2026 । केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’ थीम पर जनपद गाजीपुर के समस्त विकास खंडों में आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी एवं जनजागरूकता अभियान का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। अभियान के तीसरे दिन विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी आमजन को दी गई।भांवरकोल विकास खंड परिसर में आयोजित कार्यक्रम का अवलोकन जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं ब्लॉक प्रमुख मुन्ना राय ने किया। उन्होंने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ सुनिश्चित कराया जाए तथा योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जाए।स्वयं सहायता समूहों से किया संवाद,कार्यक्रम के अंतर्गत दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए कार्यशाला एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने समूह की महिलाओं से सीधे संवाद कर उनके कार्यों एवं आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली।इस दौरान महिलाओं ने बताया कि वे हैंडवॉश, फिनायल, हार्पिक जैसे उत्पादों का निर्माण कर रही हैं, जबकि कुछ महिलाएं कॉस्मेटिक सामग्री की बिक्री और कृषि कार्यों से जुड़ी हुई हैं। इस पर जिलाधिकारी ने समूह की महिलाओं को उत्पादों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने की सलाह देते हुए उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद तैयार करने पर बल दिया।उन्होंने कहा कि ऐसे उत्पाद तैयार किए जाएं, जिनकी बाजार में अधिक मांग हो। आवश्यकता पड़ने पर समूहों को प्रशिक्षण एवं प्रमाणन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों, बीएमएम एवं डीएमएम को समूहों के साथ समन्वय स्थापित कर उनके कार्यों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश,संवाद कार्यक्रम से पूर्व जिलाधिकारी एवं ब्लॉक प्रमुख ने परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।स्वास्थ्य शिविर और बाल विकास कार्यक्रम रहे आकर्षण का केंद्र,ब्लॉक परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया जारी रही। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित शिविर में लोगों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।वहीं, महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने प्रतिभाग कर लाभार्थियों को शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख भांवरकोल मुन्ना राय, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, लीड बैंक मैनेजर (एलडीएम), उपायुक्त स्वरोजगार, खंड विकास अधिकारी भांवरकोल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों ने कहा कि इस जनजागरूकता अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और इसके सकारात्मक परिणाम भविष्य में और अधिक दिखाई देंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button