गाजीपुर : ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण’ के 12 वर्ष: रेवतीपुर में व्याख्यान एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित

‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण’ के 12 वर्ष: रेवतीपुर में व्याख्यान एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित
भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय बोले— जनभागीदारी ही सुशासन की सबसे बड़ी शक्ति, योजनाओं से बदला देश का विकास परिदृश्य

गाजीपुर, 16 जून 2026। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष’ अभियान के अंतर्गत विकास खंड रेवतीपुर सभागार में मंगलवार को व्याख्यान एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं तथा बड़ी संख्या में आमजन ने सहभागिता की।अपने संबोधन में भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि केंद्र सरकार के सफल, जनोन्मुखी एवं विकासोन्मुखी 12 वर्ष पूर्ण होना देश के लिए गौरव का विषय है। यह अवसर केवल उपलब्धियों का उत्सव मनाने का नहीं, बल्कि जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूत करने का भी है।उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा, श्रमिक एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक और जनहितकारी योजनाएं संचालित की हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों परिवारों को आवास मिला है, आयुष्मान भारत योजना ने गरीब परिवारों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की है, जबकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।उन्होंने कहा कि देश में सुशासन को बढ़ावा देने के लिए प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाया गया है। डिजिटल इंडिया अभियान ने सरकारी सेवाओं को आम नागरिकों के घर-घर तक पहुंचाने का कार्य किया है। वहीं जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना तथा निःशुल्क खाद्यान्न वितरण योजना जैसी पहल ने जनजीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनपद गाजीपुर में भी शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। प्रदर्शनी, जनचौपाल, जागरूकता कार्यक्रम, लाभार्थी संवाद एवं व्याख्यान कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें, सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और अपने आसपास के पात्र व्यक्तियों को भी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी ही सुशासन की सबसे बड़ी शक्ति और विकास की आधारशिला है।इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी रेवतीपुर, खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार गौतम, हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय जमानियां के अर्थशास्त्र विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह, उप कृषि निदेशक विजय कुमार, सीडीपीओ, भाजपा कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया गया।



