गाजीपुर : कोतवाली पुलिस की कार्रवाई: हत्या के मुकदमे में वांछित दो आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस की कार्रवाई: हत्या के मुकदमे में वांछित दो आरोपी गिरफ्तार
चौकिया मोड़ ओवरब्रिज के पास चेकिंग के दौरान दबोचे गए दोनों अभियुक्त, अग्रिम कार्रवाई जारी
गाजीपुर, 16 जून 2026। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने हत्या के एक मामले में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मंगलवार को चौकिया मोड़ ओवरब्रिज के पास चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली में पंजीकृत मु0अ0सं0-365/2026 के तहत धारा 103(1), 191(2) एवं 3(5) बीएनएस से संबंधित मामले में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह मय हमराह क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ और जांच में उनकी पहचान मुकदमे में वांछित अभियुक्तों के रूप में हुई।गिरफ्तार अभियुक्तों में शिवम दुबे (25 वर्ष) पुत्र शैलेश कुमार दुबे निवासी ग्राम रूहीपुर, थाना कोतवाली, जनपद गाजीपुर तथा रहमान अली उर्फ गोल्डेन (25 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय रहमतुल्लाह निवासी ग्राम सोहिलापुर बबेडी, थाना कोतवाली, जनपद गाजीपुर शामिल हैं।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त शिवम दुबे के विरुद्ध पूर्व में भी मु0अ0सं0-727/2019 धारा 66-डी आईटी एक्ट के तहत थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज है। वहीं रहमान अली उर्फ गोल्डेन के विरुद्ध भी उक्त हत्या के मामले में मुकदमा पंजीकृत है।गिरफ्तारी की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह तथा उपनिरीक्षक अभिनव कुमार गुप्ता, चौकी प्रभारी रजागंज एवं थाना कोतवाली की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस ने बताया कि दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



