Breaking Newsभारतराजनीति

गोरखपुर: CM योगी ने बुलाई PWD की समीक्षा बैठक; बोले- ‘घाटे (Below Tender) में बोली लगाने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करें’

गोरखपुर: CM योगी ने बुलाई PWD की समीक्षा बैठक; बोले- ‘घाटे (Below Tender) में बोली लगाने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करें’

​गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने तीन दिवसीय गोरखपुर दौरे के दूसरे दिन रविवार को पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने एनेक्सी भवन में लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों और

गोरखपुर-आजमगढ़ मंडल के जनप्रतिनिधियों के साथ एक हाई-लेवल समीक्षा बैठक की। बैठक में विकास कार्यों को गति देने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कई कड़े निर्देश दिए गए।

बिलो टेंडर’ डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

​बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वाले ठेकेदारों को सख्त लहजे में चेतावनी दी। CM योगी ने कहा:
​”जो लोग टेंडर प्रक्रिया के दौरान 20% से अधिक बिलो टेंडर (कम दाम की बोली) डालकर विकास कार्यों को बाधित करते हैं, उन्हें तुरंत चिह्नित किया जाए। उनके पिछले कामों की समीक्षा की जाए और लापरवाही मिलने पर उन्हें तुरंत ब्लैकलिस्ट (काली सूची में डालना) किया जाए।”

इसके साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि टेंडर प्रक्रिया को लेकर जानबूझकर गलत या फर्जी शिकायत करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने बलिया-बांसडीह मार्ग की स्थिति को लेकर चीफ इंजीनियर से तत्काल विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है।

​जब CM योगी ने सांसद रवि किशन की चुटकी ली…

​गंभीर चर्चाओं के बीच बैठक में एक हल्का-फुल्का और खुशनुमा पल भी आया। बैठक की शुरुआत में ही मुख्यमंत्री ने चुटीले अंदाज में गोरखपुर के सांसद रवि किशन की चुटकी ले ली।

​CM योगी ने मुस्कुराते हुए कहा, “रविकिशन तो अपने सारे प्रस्ताव विजय दुबे (सांसद, कुशीनगर) को दे आए।” मुख्यमंत्री की यह बात सुनते ही बैठक में मौजूद सभी जनप्रतिनिधि और अधिकारी ठहाके मारकर हंस पड़े।

विकास कार्यों की बनेगी ‘प्रायोरिटी लिस्ट’

​बैठक में PWD के प्रमुख सचिव अजय चौहान भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों और सांसदों से उनके विधानसभा क्षेत्रों के बजट और विकास योजनाओं का फीडबैक लिया।
​जनहित को प्राथमिकता: विधायकों से कहा गया है कि वे उन कार्यों को प्राथमिकता दें जो सीधे तौर पर जनता से जुड़े हैं।
​मुहर और शुरुआत: जनप्रतिनिधियों से प्रस्तावों की ‘प्रायोरिटी लिस्ट’ (प्राथमिकता सूची) ले ली गई है, जिन पर जल्द ही मुहर लगाकर काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
​ बैठक के बाद क्या बोले जनप्रतिनिधि?

​सांसद रवि किशन: “उत्तर प्रदेश आज 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। राज्य से माफिया खत्म हो चुके हैं और व्यापारियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। आज का दिन सभी विधायकों के लिए ऐतिहासिक रहा, सभी बेहद खुश होकर बाहर निकले हैं।”

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह: “यह बैठक विशेष रूप से गोरखपुर और आजमगढ़ मंडल के सड़क विकास को लेकर थी। PWD अधिकारियों से पूरी जानकारी ली गई है कि इस वित्तीय वर्ष में कौन-कौन सी सड़कें जनहित में जरूरी हैं। उनकी प्राथमिकता तय कर दी गई है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button