सादात (गाजीपुर) : सलेमपुर बघाईं में श्रीमद्भागवत ज्ञानयज्ञ जारी, कथामृत से भक्त हो रहे भावविभोर

सलेमपुर बघाईं में श्रीमद्भागवत ज्ञानयज्ञ जारी, कथामृत से भक्त हो रहे भावविभोर
25 अप्रैल को होगी पूर्णाहुति, देशभर से श्रद्धालु पहुंच रहे; तीसरे दिन ‘सोऽहम’ तत्वज्ञान पर हुआ प्रवचन

सादात (गाजीपुर)क्षेत्र के सलेमपुर बघाईं में सतपाल जी महाराज की प्रेरणा एवं सिद्धपीठ श्री हथियाराम मठ के पीठाधीश्वर पूज्य संत स्वामी भवानीनंदन यति जी महाराज के आशीर्वाद से आयोजित सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत सद्भावना सत्संग ज्ञानयज्ञ श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में निरंतर जारी है।कार्यक्रम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण कर रसमयी कथामृत का पान कर रहे हैं। कथा के साथ भजन-कीर्तन का भी आयोजन हो रहा है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा है। कथा के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं महाप्रसाद की व्यवस्था आयोजक एवं यज्ञ के यजमान डॉ. संतोष सिंह यादव द्वारा की गई है।बताया गया कि देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु इस पुण्य आयोजन में शामिल होने पहुंच रहे हैं और भक्ति, ज्ञान व श्रद्धा की इस धारा में सहभागी बन रहे हैं।तीसरे दिन की कथा का वाचन पूज्य सारथा नंद एवं पूज्य दयावती बाई जी द्वारा किया गया। प्रवचन में उन्होंने कहा कि गर्भस्थ शिशु जन्म से पूर्व प्रभु को स्मरण करता है, किंतु जन्म के बाद माया के प्रभाव में आकर परमपिता को भूल जाता है। जब मनुष्य गुरु के सान्निध्य में ‘अहम’ से ‘सोऽहम’ की अनुभूति करता है, तभी उसे आत्मबोध होता है।आयोजन की पूर्णाहुति 25 अप्रैल को होगी, जिसमें राष्ट्रीय स्तर के संतों का सान्निध्य प्राप्त होगा। संपूर्ण कार्यक्रम पूज्य स्वामी भवानीनंदन यति जी महाराज के निर्देशन में संपन्न हो रहा है।इस अवसर पर डॉ. संतोष कुमार मिश्र, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अशोक चौहान, सुमंत यादव, डॉ. बृजेश सिंह यादव, ग्राम प्रधान गुड्डू यादव, अशोक राजभर, डॉ. लालता प्रसाद सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।यह आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार का सशक्त माध्यम बन रहा है।

