दुल्लहपुर (गाजीपुर) : नम आंखों से विदा हुआ गाजीपुर का लाल: ‘अमर रहे’ के नारों से गूंजा बटऊआ

नम आंखों से विदा हुआ गाजीपुर का लाल: ‘अमर रहे’ के नारों से गूंजा बटऊआ
सड़क हादसे में घायल हवलदार निरंजन यादव ने लखनऊ PGI में तोड़ा दम, राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
उप जिलाधिकारी अतुल कुमार पुलिस उपाधीक्षक शुभम वर्मा सहित पुलिस कांस्टेबलों ने दी सलामी

दुल्लहपुर (गाजीपुर): गाजीपुर की वीर प्रसूता माटी ने आज अपने एक और लाडले को खो दिया। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के सिखड़ी ग्राम सभा स्थित बटऊआ गांव में बुधवार को उस वक्त माहौल गमगीन हो गया, जब तिरंगे में लिपटा जवान निरंजन यादव का पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा। एक तरफ परिजनों का करुण क्रंदन था, तो दूसरी तरफ ‘निरंजन यादव अमर रहे’ और ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
सपना अधूरा: पक्के मकान की नींव पड़ी थी, पर उजड़ गया आशियाना
35 वर्षीय हवलदार निरंजन यादव (आर्मी बीआरओ) जम्मू में तैनात थे। सोमवार को ही वह छुट्टी पर अपने घर आए थे। मंगलवार दोपहर वह आजमगढ़ के सिधारी थाना क्षेत्र में अपनी पत्नी और बच्चों को लेने बाइक से जा रहे थे, तभी छतवारा मोड़ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। लखनऊ पीजीआई में उपचार के दौरान मंगलवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। घर में कच्चा मकान तोड़कर पक्के मकान की नींव अभी पड़ी ही थी कि नियति ने परिवार के सारे अरमान चकनाचूर कर दिए।
प्रशासन ने दी सलामी, मासूमों को देख भर आईं आंखें
पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही उप जिलाधिकारी अतुल कुमार और पुलिस उपाधीक्षक शुभम वर्मा ने पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें सलामी दी। इस दौरान एसडीएम अतुल कुमार जब मृतक के मासूम बच्चों आशीष (5 वर्ष) और अयांश (2 वर्ष) को दुलारने लगे, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गई। एसडीएम ने कहा, “गाजीपुर शहीदों की धरती है। जवान सरहद पर जागता है, तब हम चैन की नींद सोते हैं। प्रशासन इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ मुस्तैदी से खड़ा है।”
गमगीन माहौल में दी गई अंतिम विदाई
मृतक के पिता शिव यादव और माता इस्रावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। बड़े भाई संजय यादव और पत्नी रेशमा इस वज्रपात से सुध-बुध खो बैठे हैं। बुधवार सुबह युवाओं ने विशाल जुलूस निकालकर शहीद को श्रद्धांजलि दी, जिसके बाद ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ के साथ उनका अंतिम संस्कार गाजीपुर श्मशान घाट पर किया गया।
क्षेत्रीय हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि
इस दुखद घड़ी में ग्राम प्रधान वीरेंद्र यादव, रमेश यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बिरजू यादव, सपा विधानसभा अध्यक्ष अवधेश राजू यादव, संतोष यादव, प्रबंधक लालजी सिंह यादव और डॉ. रामवृक्ष सिंह यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश सोनकर, मनोज यादव श्रवण सिंह मोनू तिवारी प्रिंस राव नागेंद्र यादव सहित भारी संख्या में पूर्व सैनिकों और ग्रामीणों ने पुष्प अर्पित कर वीर सपूत को विदाई दी।
“मेरे बेटे में बचपन से ही देश सेवा का जज्बा था। कठिन परिश्रम कर वह सेना में भर्ती हुआ था। वह घर तो आया, लेकिन हमेशा के लिए सो गया।”

