दुल्लहपुर (गाजीपुर) : दुल्लहपुर में बड़ा हादसा: अनियंत्रित स्कूली मैजिक पलटी,आधे दर्जन भर बच्चे घायल—एक का हाथ टूटा, कई गंभीर

दुल्लहपुर में बड़ा हादसा: अनियंत्रित स्कूली मैजिक पलटी,आधे दर्जन भर बच्चे घायल—एक का हाथ टूटा, कई गंभीर
मोबाइल पर बात करते समय ड्राइवर से चूक अनियंत्रण की आशंका, ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया

दुल्लहपुर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के डिल्ला गांव में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब स्कूली बच्चों को लेकर जा रही मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब आधे दर्जन बच्चे घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शंकरपुर गांव स्थित एम एस डी कॉलेज के बच्चों को छोड़ने जा रही स्कूली मैजिक डिल्ला गांव में गंगाराम के खेत के पास अचानक संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए वाहन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। हादसे में डिल्ला गांव निवासी कन्हैया का हाथ टूट गया, जबकि शिवम के सिर में गंभीर चोट आई है। सोनू समेत कई अन्य बच्चों को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को ग्रामीणों की मदद से तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वाहन चालक मोबाइल पर बातचीत कर रहा था, जिससे उसका ध्यान भटक गया और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान लालमुनी राम समेत कई ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और स्थिति को संभाला। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और अभिभावकों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूली वाहनों की नियमित जांच हो और लापरवाह चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।



