साधु के वेश में टप्पेबाज ने युवक को बनाया शिकार, सोने की अंगूठी व नकदी लेकर फरार

साधु के वेश में टप्पेबाज ने युवक को बनाया शिकार, सोने की अंगूठी व नकदी लेकर फरार

गोरखपुर। जनपद गोरखपुर के बेलीपार थाना क्षेत्र में साधु के वेश में घूम रहे एक टप्पेबाज ने युवक को अपनी बातों में फंसाकर सोने की अंगूठी और नकदी लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने घटना की लिखित शिकायत थाना बेलीपार में देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सेनुवापार निवासी अभयनंदन पांडेय 2 अगस्त को अपनी कार से गोरखपुर से गोला बाजार जा रहे थे। रास्ते में क्योंनहारा के पास साधु के वेश में खड़े एक व्यक्ति ने उनसे लिफ्ट मांगी। मानवता के नाते अभयनंदन ने उसे अपनी कार में बैठा लिया। यात्रा के दौरान साधु ने धार्मिक बातें करते हुए उन्हें अपने विश्वास में ले लिया। उसने एक पंचमुखी रुद्राक्ष देते हुए उसके बदले पांच रुपये मांगे। इसके बाद उसने पांच रुपये लेकर किसी कथित धार्मिक क्रिया के बाद उन्हें गेहूं के दानों के रूप में वापस कर दिया, जिससे पीड़ित उसके प्रभाव में आ गए।
आरोप है कि साधु ने बातों-बातों में सम्मोहित और भ्रमित कर दिया तथा डवरपार बाजार के समीप पहुंचने पर उनके हाथ से करीब तीन ग्राम वजन की सोने की अंगूठी और 100 रुपये नकद ले लिए। इसके बाद मौका पाकर साधु वहां से फरार हो गया। कुछ देर बाद अभयनंदन पांडेय को अपने साथ हुई टप्पेबाजी का एहसास हुआ।
घटना के बाद पीड़ित ने थाना बेलीपार पहुंचकर लिखित प्रार्थना पत्र दिया और अज्ञात टप्पेबाज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में साधु के वेश में सक्रिय टप्पेबाज की चर्चा के बाद लोगों में दहशत है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी अजनबी पर बिना जांच-परख के भरोसा न करें तथा संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। थाना अध्यक्ष बेलीपार ने हमारे संवाददाता से बात करते हुए कहा कि पीड़ित को जल्द से जल्द न्याय दिलाया जायेगा और टप्पेबाज को गिरफ्तार कर उचित कार्यवाही की जाएगी ।



