सादात (गाजीपुर) : प्राचीन नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में तीन दिवसीय श्री राधारानी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्न

प्राचीन नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में तीन दिवसीय श्री राधारानी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्न

सादात (गाजीपुर)। सादात क्षेत्र के ग्राम बिजहरी स्थित प्राचीन नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय श्री राधारानी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठानों एवं विशाल भंडारे के साथ श्रद्धा एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। इस अवसर पर क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त किया।जानकारी के अनुसार, मंदिर का निर्माण वर्ष 1996 में स्वर्गीय पंडित अनिरुद्ध दुबे द्वारा कराया गया था। उस समय मंदिर में राधा-कृष्ण, भगवान शंकर एवं हनुमान जी की प्रतिमाओं की स्थापना की गई थी। ग्राम बिजहरी निवासी एवं वाराणसी मंडल में उद्योग अधिकारी के पद पर कार्यरत राम जी सिंह ने मंदिर के लिए राधारानी की प्रतिमा भेंट की थी।वर्षों तक नियमित पूजा-अर्चना के दौरान एक दुर्घटना में मंदिर का घंटा टूटकर प्रतिमा पर गिर गया, जिससे राधारानी की प्रतिमा का हाथ क्षतिग्रस्त हो गया। इसके उपरांत स्वर्गीय अनिरुद्ध दुबे के पुत्र कृष्णानंद दुबे एवं पौत्र मानस दुबे ने नई प्रतिमा स्थापित कराने का संकल्प लिया। अयोध्या से आमंत्रित आचार्यों एवं विद्वान ब्राह्मणों के सान्निध्य में श्री राधारानी जी की नवीन प्रतिमा की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई।तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन के दौरान रुद्राभिषेक, वैदिक पूजन, धार्मिक प्रवचन एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।इस अवसर पर आयोजन के संयोजक मानस दुबे, राजेश सिंह, विनोद सिंह सहित समस्त ग्रामवासियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया और धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



