मासूम हत्याकांड : पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हुई गोरखपुर पुलिस

मासूम हत्याकांड : पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हुई गोरखपुर पुलिस
गोरखपुर।
गोरखपुर में 10 वर्षीय मासूम बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या की हृदयविदारक घटना के बाद गोरखपुर पुलिस ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने का निर्णय लिया है। पुलिस प्रशासन ने आरोपी को कठोर सजा दिलाने के साथ-साथ परिवार को आर्थिक, शैक्षिक, सुरक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की पहल शुरू की है।
गोरखपुर पुलिस के अनुसार, अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अपने एक दिन के वेतन की राशि पीड़ित परिवार को सहायता स्वरूप देने पर विचार किया जा रहा है, जिससे परिवार को तत्काल आर्थिक संबल मिल सके। इसके अलावा पीड़ित परिवार के तीनों बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च भी गोरखपुर पुलिस उठाएगी, ताकि आर्थिक अभाव के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।
परिवार की सुरक्षा को देखते हुए संबंधित थाने से दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं रानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कराई जा रही है। साथ ही पात्रता के आधार पर आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधा और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए भी संबंधित विभागों से समन्वय किया जा रहा है।
गोरखपुर पुलिस का कहना है कि इस संवेदनशील मामले की जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है। दोषी को कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाने के साथ-साथ पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।



