Breaking Newsभारत

बाबा धाम गए युवक की संदिग्ध मौत, पोखरे में मिली लाश,आक्रोशित लोगों ने किया चक्का जाम

बाबा धाम गए युवक की संदिग्ध मौत, पोखरे में मिली लाश,आक्रोशित लोगों ने किया चक्का जाम

गोरखपुर। मोहल्ले के लोगों के साथ बाबा धाम दर्शन के लिए गए 27 वर्षीय युवक बजरंगी निषाद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छह अगस्त को कटोरिया थाना क्षेत्र के पास एक सुनसान स्थान स्थित पोखरे में उसका शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। स्वजन ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मृतक की पहचान रमेश निषाद के पुत्र बजरंगी निषाद के रूप में हुई है। वह बिछिया जंगल स्थित तुलसीराम मल्लाह टोला,शहीद गली,वार्ड संख्या 23 का रहने वाला था। करीब 15 माह पहले उसका विवाह हुआ था और उसकी पत्नी पांच माह की गर्भवती है।

बताया गया कि बजरंगी तीन अगस्त को मोहल्ले के कुछ लोगों के साथ बाबा धाम गया था। यात्रा के दौरान वह साथियों से पीछे रह गया। साथियों ने उसकी तलाश की,लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। छह अगस्त को कटोरिया थाना क्षेत्र के पास सुनसान स्थान पर स्थित पोखरे में उसका शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मोबाइल समेत अन्य माध्यमों से मृतक की पहचान से संबंधित जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार मृतक के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजन हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने आज चार फाटक रोड पर शहीद शिव सिंह क्षेत्री के पास स्थित ओवरब्रिज पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।प्रदर्शनकारी हत्या की आशंका जताते हुए आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग पर अड़े रहे। मृतक की पत्नी ने भी कहा कि जब तक उसे न्याय नहीं मिलेगा वह मौके से नहीं हटेगी। काफी समझाने-बुझाने के बाद लोगों ने चक्का जाम समाप्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button