जखनिया (गाजीपुर) : भीषण तूफान से पीपल का पेड़ गिरा, कई दुकानें क्षतिग्रस्त, आवागमन बाधित

भीषण तूफान से पीपल का पेड़ गिरा, कई दुकानें क्षतिग्रस्त, आवागमन बाधित

जखनिया (गाजीपुर)। जखनियां तहसील अंतर्गत सिद्ध पीठ भुडकुडा गेट के सामने लगा विशाल पीपल का पेड़ चक्रवाती तूफान के चलते अचानक गिर गया, जिससे आसपास का इलाका अस्त-व्यस्त हो गया। पेड़ गिरने से कई दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा और मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना के दौरान बिजली के तार भी टूटकर नीचे गिर गए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर खड़ी कई गाड़ियां पेड़ के नीचे दब गईं और क्षतिग्रस्त हो गईं।
दुकानदार श्यामू यादव ने बताया कि वे बाल-बाल बच गए। उनकी गुमटी पर पेड़ गिरने से बेंच, करकट सहित अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। वहीं गेट के पास पूजन प्रजापति और अभिराम (ग्राम सभा निवासी) का ऑटो भी पेड़ के नीचे दबकर टूट गया।
इसके अलावा पुजारी गोड़ के पक्के मकान पर भी पेड़ का हिस्सा गिरा, जिससे भवन को नुकसान पहुंचा। स्थानीय निवासी बबलू यादव को भी इस घटना में काफी क्षति हुई है।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और राहत कार्य शुरू किया गया। प्रशासन से जल्द से जल्द मार्ग को सुचारू कराने और बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की जा रही है।



