जखनियां (गाजीपुर) : भुड़कुड़ा पुलिस ने पुत्री की हत्या के आरोप में मां को किया गिरफ्तार

भुड़कुड़ा पुलिस ने पुत्री की हत्या के आरोप में मां को किया गिरफ्तार
विवेचना में बदली केस की धाराएं, आत्महत्या के लिए उकसाने से हत्या का मामला हुआ दर्ज
जखनियां (गाजीपुर)।कोतवाली भुड़कुड़ा पुलिस ने अपनी पुत्री को कथित रूप से जहर देकर हत्या करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे की धाराओं में संशोधन करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, 22 जून 2026 को पुष्पा देवी पत्नी महेंद्र यादव, निवासी ग्राम घटारो, थाना भुड़कुड़ा ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री मुस्कान को नमन पुत्र वीरेंद्र ने आत्महत्या के लिए प्रेरित किया, जिसके चलते उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई थी। इस मामले में थाना भुड़कुड़ा पर मुकदमा अपराध संख्या 150/2026, धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा विवेचना एवं साक्ष्य संकलन के दौरान घटनाक्रम के संबंध में नए तथ्य सामने आए। पुलिस के अनुसार, विवेचना के आधार पर मुकदमे में धारा 103(1)/123 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई और मृतका की मां पुष्पा देवी (43 वर्ष) को अपनी पुत्री की हत्या के आरोप में बुधवार को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्ता के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रणजीत कुमार सिंह, कांस्टेबल आशुतोष वर्मा एवं महिला कांस्टेबल मानसी सैनी शामिल रहीं।



