गाजीपुर : यूपी टीईटी-2026 को लेकर डीएम व एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

यूपी टीईटी-2026 को लेकर डीएम व एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, ड्यूटी में तैनात अधिकारियों को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के दिए निर्देश

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने संयुक्त रूप से जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर परीक्षा को पूरी शुचिता, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने केंद्रों पर तैनात पुलिस बल, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं पर्यवेक्षकों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रखी जाए तथा किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश की अनुमति न दी जाए।अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान अफवाह फैलाने वाले, नकल कराने का प्रयास करने वाले अथवा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने की अपील की।निरीक्षण के दौरान मुहम्मदाबाद उपजिलाधिकारी, मुहम्मदाबाद क्षेत्राधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।



