Breaking Newsभारत

गाजीपुर : गौशालाओं के औचक निरीक्षण में डीएम सख्त, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

गौशालाओं के औचक निरीक्षण में डीएम सख्त, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

हरे चारे की कमी पर फटकार, सोलर पैनल लगाने और लापरवाह प्रशासक को पद से हटाने के निर्देश

गाजीपुर। जनपद में संचालित गौशालाओं में गोवंशों के संरक्षण एवं बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बुधवार को नगर पालिका परिषद मोहम्मदाबाद की अस्थायी गौशाला तथा कठऊत स्थित स्थायी गौशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।स्थायी गौशाला कठऊत में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोवंशों के लिए भूसा, हरा चारा, पेयजल, साफ-सफाई तथा पशुओं की देखभाल की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान पशुओं की आवश्यकता के अनुरूप हरे चारे की व्यवस्था अत्यंत कम मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने गौशाला में पशुओं की मृत्यु के बाद उनके निस्तारण एवं दफनाने की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि मृत गोवंशों को दफनाने वाले स्थान की ब्रैकेटिंग कर उसे सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाया जाए।निरीक्षण में गौशाला परिसर में प्रकाश व्यवस्था अपर्याप्त मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सोलर पैनल स्थापित कराने के निर्देश दिए, ताकि रात्रि में पर्याप्त रोशनी उपलब्ध हो सके। उन्होंने गौशाला संचालन में लापरवाही पाए जाने पर प्रशासक के रूप में तैनात प्रधान को पद से पदच्युत करने की कार्रवाई के भी निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि गोवंशों की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप गौशालाओं में समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा नियमित निरीक्षण कर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button