जखनियां (गाजीपुर) : टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर एनसीसी कैडेट्स ने निकाली जागरूकता रैली

टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर एनसीसी कैडेट्स ने निकाली जागरूकता रैली
जखनियां (गाजीपुर)। श्री महंथ रामाश्रय दास पीजी कॉलेज एवं रामबरन दास इंटर कॉलेज, भुड़कुड़ा द्वारा संयुक्त रूप से बुधवार को “टीबी मुक्त भारत” अभियान के अंतर्गत एनसीसी कैडेट्स की जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। 92 बटालियन के निर्देश पर आयोजित इस रैली का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को क्षय रोग (टीबी) के लक्षण, बचाव और समय पर उपचार के प्रति जागरूक करना था।रैली को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बृजेश जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर भुड़कुड़ा बैंक, भुड़कुड़ा बाजार सहित विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः कॉलेज परिसर में संपन्न हुई।रैली में शामिल एनसीसी कैडेट्स ने टीबी नियंत्रण एवं बचाव से संबंधित आकर्षक स्लोगन और चित्रों वाले पोस्टर हाथों में लेकर लोगों को जागरूक किया। कैडेट्स ने मास्क पहनने, खांसते एवं छींकते समय रुमाल का प्रयोग करने, समय पर जांच कराने तथा संतुलित आहार अपनाने का संदेश दिया।इस दौरान “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” और “जांच कराओ, टीबी भगाओ” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। रैली में एनसीसी कैडेट्स के साथ महाविद्यालय के शिक्षक, गैर-शिक्षण कर्मचारी तथा 92 बटालियन से आए व्यक्तिगत प्रशिक्षक भी शामिल रहे।रैली में 80 से अधिक एनसीसी कैडेट्स, शिक्षक एवं कर्मचारियों ने सहभागिता कर समाज को टीबी उन्मूलन के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।



