Breaking Newsभारत

जखनियां (गाजीपुर) : गांव-गांव सेहत की दस्तक: सचल चिकित्सालय बना गरीबों और जरूरतमंदों के लिए संजीवनी

गांव-गांव सेहत की दस्तक: सचल चिकित्सालय बना गरीबों और जरूरतमंदों के लिए संजीवनी

शिव मंदिर परिसर में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों लोगों को मिला परामर्श और दवाएं

जखनियां (गाजीपुर)। क्षेत्र के शिव मंदिर परिसर में मंगलवार को मातृभूमि संगठन के तत्वावधान में निःशुल्क सचल चिकित्सालय (मोबाइल हेल्थ कैंप) का आयोजन किया गया। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के सौजन्य से तथा रिलायंस फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं दवाओं का वितरण किया गया।बताते चलें कि यह सचल चिकित्सालय वैन पिछले आठ वर्षों से अधिक समय से गाजीपुर जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में निरंतर अपनी सेवाएं दे रही है। दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर यह मोबाइल अस्पताल लोगों को उनके घर के निकट स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।कार्यक्रम का संचालन मातृभूमि संगठन के संरक्षक नीरज सिंह अजेय की देखरेख में किया गया। शिविर में पहुंचे चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा विभिन्न बीमारियों की दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराईं। ग्रामीण क्षेत्रों के बुजुर्गों, महिलाओं एवं बच्चों ने इस सुविधा का विशेष लाभ उठाया।इस अवसर पर नीरज सिंह अजेय ने बताया कि रिलायंस फाउंडेशन के सहयोग से चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उन जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जिन्हें समय पर उपचार एवं चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पाती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार एवं सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं।शिविर के दौरान स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने पर भी विशेष जोर दिया गया। चिकित्सकों ने लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रहे हैं और इससे गरीब एवं असहाय लोगों को काफी राहत मिल रही है।सचल चिकित्सालय में डॉ. राज पांडे, फार्मासिस्ट मिथिलेश शुक्ला, स्टाफ नर्स चंदा यादव, सहयोगी जितेंद्र कुमार तथा सचल दस्ते के प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रहे शशि भूषण ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।कार्यक्रम में मातृभूमि संगठन के अध्यक्ष आरिफ अंसारी, सत्यम चौबे, मुकेश मौर्य, विक्की गुप्ता, आशीष यादव, विनोद राम, आदिल अंसारी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।शिविर के सफल आयोजन पर लोगों ने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं स्वास्थ्य सेवा से जुड़े कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की अपेक्षा जताई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button