छत्तीसगढ़ : बलरामपुर – ग्राम पंचायत सरना में पुल निर्माण को लेकर उठे सवाल, ग्रामीणों ने मांगी उच्च स्तरीय जांच

बलरामपुर – ग्राम पंचायत सरना में पुल निर्माण को लेकर उठे सवाल, ग्रामीणों ने मांगी उच्च स्तरीय जांच
शैलेंद्र कुमार द्विवेदी
इंडिया नाऊ २४
छत्तीसगढ़
बलरामपुर-रामानुजगंज | रिपोर्ट

बलरामपुर जिले के विकासखंड वाड्रफनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत सरना में निर्माणाधीन/निर्मित पुल निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ग्रामीणों का दावा है कि जिस स्थान पर वर्तमान में निर्माण कार्य कराया जा रहा है, वहां पूर्व में भी पुल अथवा पुलिया निर्माण कार्य किए जाने की बात सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पूर्व में हुए निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुसार किए गए होते, तो बार-बार उसी स्थान पर नए निर्माण की आवश्यकता क्यों पड़ रही है।
इसी आधार पर ग्रामीणों ने शासकीय राशि के उपयोग, निर्माण कार्य की गुणवत्ता और पूरी प्रक्रिया की जांच कराने की मांग उठाई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित कार्य की प्रशासनिक स्वीकृति, तकनीकी स्वीकृति, भुगतान विवरण, माप पुस्तिका (एमबी), स्थल निरीक्षण एवं गुणवत्ता परीक्षण कराया जाए।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि जांच के दौरान संबंधित विभागीय स्तर, तकनीकी कर्मचारियों तथा पंचायत स्तर पर कार्य प्रक्रिया की समीक्षा की जाए और यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जांच रिपोर्ट सार्वजनिक किए जाने से वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और भविष्य में निर्माण कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
अब देखने वाली बात होगी कि जिला प्रशासन इस मामले को किस गंभीरता से लेता है और जांच के बाद क्या तथ्य सामने आते हैं।



