Breaking Newsभारत

गोरखपुर सिटी बस सेवा ठप, कंडक्टरों की हड़ताल से शहर परेशान

गोरखपुर सिटी बस सेवा ठप, कंडक्टरों की हड़ताल से शहर परेशान

गोरखपुर। मानक से कम वेतन भुगतान और अन्य मांगों को लेकर सोमवार सुबह से गोरखपुर की सिटी बस सेवा पूरी तरह ठप हो गई। सिटी बसों के कंडक्टरों ने महेसरा चार्जिंग प्वाइंट पर सभी बसें खड़ी कर धरना शुरू कर दिया। हड़ताल के चलते शहर के हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सोमवार सुबह से ही कंडक्टरों ने बसों का संचालन बंद कर दिया। रोजाना सुबह 5 बजे से चलने वाली सिटी बसें सड़कों पर नहीं उतरीं, जिससे स्कूल, कॉलेज, ऑफिस और अस्पताल जाने वाले लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई। कई यात्रियों को मजबूरी में ऑटो और ई-रिक्शा का सहारा लेना पड़ा, जिससे उन्हें अधिक किराया भी चुकाना पड़ा।

धरने पर बैठे कंडक्टरों का आरोप है कि पिछली कंपनी का टेंडर समाप्त होने के बाद नई कंपनी को संचालन और वेतन भुगतान की जिम्मेदारी दी गई है, लेकिन कंपनी तय मानक से कम वेतन दे रही है। इस संबंध में कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसी के विरोध में सभी कंडक्टर हड़ताल पर बैठ गए।

कंडक्टरों ने साफ कहा कि महंगाई के इस दौर में कम वेतन में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। जब तक तय मानक के अनुसार वेतन भुगतान और भविष्य में समय पर वेतन देने का लिखित आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।

बस सेवा बंद होने से महेसरा, मोहद्दीपुर, रेलवे स्टेशन, कचहरी समेत विभिन्न रूटों पर यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कई छात्र और नौकरीपेशा लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके।

जानकारी के अनुसार, गोरखपुर शहर में कुल 27 सिटी बसें संचालित होती हैं, जिनमें करीब 80 कंडक्टर तैनात हैं। सभी कंडक्टर महेसरा चार्जिंग प्वाइंट पर धरने पर बैठे हैं। समाचार लिखे जाने तक कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था और बस सेवा पूरी तरह बंद थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button