गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के पास एंबुलेंस माफिया पर पुलिस का शिकंजा, 18 एंबुलेंस सीज

गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के पास एंबुलेंस माफिया पर पुलिस का शिकंजा, 18 एंबुलेंस सीज
गोरखपुर: बीआरडी मेडिकल कॉलेज के आसपास सक्रिय एंबुलेंस माफिया के खिलाफ शनिवार रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 संदिग्ध एंबुलेंस सीज कर दीं। वहीं 5 चालकों को हिरासत में लेकर गुलरिहा थाने में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ एंबुलेंस चालक मेडिकल कॉलेज आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को बहला-फुसलाकर निजी अस्पतालों में भर्ती कराते हैं और इसके बदले कमीशन लेते हैं। सूचना के आधार पर एसपी सिटी निमिष पाटील, सीओ गोरखनाथ रवि सिंह और गुलरिहा पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया।
पुलिस की कार्रवाई शुरू होते ही कई एंबुलेंस चालक मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर कुछ को पकड़ लिया। जांच के दौरान सड़क किनारे खड़ी कई एंबुलेंस संदिग्ध मिलीं, जिन्हें कब्जे में लेकर थाने लाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अधिकांश एंबुलेंस का वैध पंजीकरण नहीं था, कई किसी अस्पताल से संबद्ध नहीं थीं और कई चालकों के पास वाहन के आवश्यक दस्तावेज भी नहीं मिले।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि 18 एंबुलेंस सीज कर दी गई हैं। सभी वाहनों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है और हिरासत में लिए गए चालकों से पूछताछ जारी है। यदि जांच में अनियमितता या अवैध गतिविधि की पुष्टि होती है तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



