गाजीपुर : ‘हर घर तिरंगा’ से गूंजेगा गाजीपुर, गांव-गांव पहुंचेगा राष्ट्रभक्ति का संदेश

‘हर घर तिरंगा’ से गूंजेगा गाजीपुर, गांव-गांव पहुंचेगा राष्ट्रभक्ति का संदेश
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने डीएम व सीडीओ को भेंट किया राष्ट्रीय ध्वज, 13 से 15 अगस्त तक अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील

गाजीपुर, 11 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित राष्ट्रीय ध्वज जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद को भेंट किया गया। इसके साथ ही जनपद के विभिन्न विभागों एवं विकासखंडों में राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए गए।इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय भावना को और अधिक मजबूत करने वाला जन-अभियान है। उन्होंने जनपदवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं निर्धारित स्थानों पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराने की अपील की।जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा लोगों को तिरंगे के सम्मान एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप ध्वजारोहण के प्रति जागरूक करें।उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं गांव-गांव तक शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी अभियानों को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भी उनकी सक्रिय भागीदारी से राष्ट्रभक्ति का संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंचाया जा सकता है।उन्होंने कहा कि 13 से 15 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा, जागरूकता कार्यक्रम एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को अभियान से जोड़ा जाए।इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रतिनिधियों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया। साथ ही आमजन से स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय पर्व के रूप में उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाते हुए अपने घरों पर तिरंगा फहराने और देश की एकता एवं अखंडता का संदेश देने की अपील की गई।



