Breaking Newsभारत

गाजीपुर : स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर

डीएम ने महिलाओं से किया सीधा संवाद, समस्याओं के तत्काल निस्तारण के दिए निर्देश

गाजीपुर, 11 अगस्त 2026। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में मंगलवार को कासिमाबाद ब्लॉक में दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को विभिन्न लाभकारी योजनाओं से लाभान्वित कराने के उद्देश्य से कार्यशाला आयोजित की गई।कार्यशाला के दौरान जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने महिलाओं से जानकारी ली कि खेती के लिए उन्हें आवश्यक बीज उपलब्ध हो रहे हैं अथवा नहीं। उन्होंने कहा कि जो महिलाएं खेती करना चाहती हैं, उन्हें उद्यान विभाग के माध्यम से उनकी आवश्यकता के अनुरूप बीज उपलब्ध कराया जाए। उद्यान विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया गया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को खेती के लिए जिस प्रकार के बीज की आवश्यकता हो, उसकी पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए, ताकि महिलाएं कृषि गतिविधियों से जुड़कर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।

उन्होंने बैंकों में स्वयं सहायता समूहों से संबंधित लंबित प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित कराने के निर्देश दिए। कहा कि बैंकिंग कार्यों में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। साथ ही सीएम युवा योजना एवं पीएम सूर्यघर योजना को प्राथमिकता के आधार पर पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।इस दौरान जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यशाला में लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि जनपद के विभिन्न सरकारी विभागों में प्रतिदिन स्टेशनरी सहित अनेक वस्तुओं की आवश्यकता होती है। स्वयं सहायता समूहों को स्थानीय स्तर पर विभिन्न उत्पाद तैयार कर उनकी आपूर्ति से जोड़कर महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा सकता है।कार्यशाला का उद्देश्य स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें स्वरोजगार, कृषि एवं अन्य आयवर्धक गतिविधियों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button