गाजीपुर : श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को लेकर बड़ा फैसला: औड़िहार से जंगीपुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर वन-वे व्यवस्था लागू

श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को लेकर बड़ा फैसला: औड़िहार से जंगीपुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर वन-वे व्यवस्था लागू
गाजीपुर, 25 जुलाई 2026। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने वाराणसी-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-31 पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने पुलिस अधीक्षक की संस्तुति पर औड़िहार से रजवाड़ी तथा मटेहूं से जंगीपुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग के बाएं लेन को कांवड़ियों के लिए आरक्षित करते हुए दाहिने लेन से वाहनों का एकतरफा (वन-वे) संचालन कराने के निर्देश दिए हैं।जिलाधिकारी ने बताया कि श्रावण मास का शुभारंभ 30 जुलाई 2026 से हो रहा है। इस दौरान प्रमुख सोमवार 3 अगस्त, 10 अगस्त, 17 अगस्त एवं 24 अगस्त को पड़ेंगे, जबकि 11 अगस्त 2026 को महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाएगा। इन अवसरों पर बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों के आवागमन को देखते हुए विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी।निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक शुक्रवार एवं शनिवार की रात 12:00 बजे से सोमवार की रात 12:00 बजे तक तथा 10 अगस्त की रात 12:00 बजे से 11 अगस्त की रात 12:00 बजे तक औड़िहार से रजवाड़ी एवं मटेहूं से जंगीपुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग के बाएं लेन पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह लेन केवल कांवड़ यात्रियों के लिए सुरक्षित रहेगी।वहीं, दाहिने लेन से सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन वन-वे व्यवस्था के तहत सामान्य रूप से जारी रहेगा।जिला प्रशासन ने आमजन एवं वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करते हुए श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में अपनी सहभागिता निभाएं।



