गाजीपुर : विश्वेश्वरगंज में चल रहा था अवैध धंधा, पुलिस ने की छापेमारी, संचालक गिरफ्तार

गाजीपुर
विश्वेश्वरगंज में चल रहा था अवैध धंधा, पुलिस ने की छापेमारी, संचालक गिरफ्तार
गाजीपुर। जिले में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए विश्वेश्वरगंज क्षेत्र में संचालित अवैध देह व्यापार के अड्डे का भंडाफोड़ कर दिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से संचालक को गिरफ्तार कर लिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में 20 अप्रैल को हुई इस कार्रवाई में थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 265/26, धारा 3/7 अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेन्द्र यादव (58 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय नरसिंह यादव, निवासी विश्वेश्वरगंज, थाना कोतवाली, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक, लंबे समय से इलाके में इस अवैध गतिविधि की शिकायतें मिल रही थीं, जिस पर पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान कई अहम सुराग भी हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच तेज कर दी गई है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में निरीक्षक नागेन्द्र प्रसाद सिंह, हेड कांस्टेबल नीरज सिंह और महिला कांस्टेबल वंदना श्रीवास्तव शामिल रहीं।



