गाजीपुर : यूनियन बैंक ने गहमर में मनाया कारगिल विजय दिवस, पूर्व सैनिकों का किया सम्मान

यूनियन बैंक ने गहमर में मनाया कारगिल विजय दिवस, पूर्व सैनिकों का किया सम्मान
एशिया के सबसे बड़े गांव में वीर जवानों के शौर्य को किया नमन, वक्ताओं ने कहा- गहमर देशभक्ति और बलिदान की पहचान
गाजीपुर। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ओर से एशिया के सबसे बड़े गांव गहमर में कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया तथा सेवानिवृत्त सैन्यकर्मियों को सम्मानित कर उनके योगदान को याद किया गया।समारोह को संबोधित करते हुए यूनियन बैंक के अंचल प्रमुख टी. कामेश्वर राव ने कहा कि गहमर केवल एक गांव नहीं, बल्कि “वीरों की भूमि” है। इस गांव का लगभग हर परिवार भारतीय सेना से जुड़ा रहा है। प्रथम विश्व युद्ध से लेकर 1999 के कारगिल युद्ध तक यहां के हजारों सैनिकों ने देश की रक्षा करते हुए अपने साहस और पराक्रम का परिचय दिया है।क्षेत्र प्रमुख मुकेश रमन ने कहा कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को इस गौरवशाली धरती और यहां के लोगों की सेवा करने पर गर्व है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में सैनिकों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।आंचलिक आश्वासन प्रमुख दीप्तिमान गुप्ता ने कहा कि जहां हमारे जवान सीमाओं पर देश की रक्षा कर रहे हैं, वहीं बैंक देश की आर्थिक प्रगति में उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए प्रतिबद्ध है।ईको बैंकिंग प्रमुख अजय खरे ने कहा कि गहमर एशिया के सबसे बड़े गांव के साथ-साथ देश के प्रमुख सैनिक गांवों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। यह पूरे प्रदेश और देश के लिए गर्व का विषय है।इस अवसर पर यूनियन बैंक की ओर से सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी सूबेदार जन्मेजय सिंह, सूबेदार संतोष सिंह एवं सूबेदार वीर बहादुर सहित अन्य पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सेवराई गजराज सिंह यादव, अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार, ईको बैंकिंग प्रमुख (गाजीपुर क्षेत्र) अभिमीत कुमार तथा गहमर परिक्षेत्र के विभिन्न शाखा प्रबंधकों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह में वक्ताओं ने देश के वीर सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए युवाओं से राष्ट्रसेवा की भावना अपनाने का आह्वान किया।



