Breaking Newsभारतराजनीति

गाजीपुर : मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ: अब शिक्षकों व आश्रितों को मिलेगा ₹5 लाख तक का कैशलेस इलाज

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ: अब शिक्षकों व आश्रितों को मिलेगा ₹5 लाख तक का कैशलेस इलाज

गाजीपुर, 26 जुलाई 2026। प्रदेश सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को बड़ी सौगात देते हुए “मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना” तथा शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा के लिए पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के साथ अनुबंध कार्यक्रम का शुभारंभ किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को आगरा से इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ किया, जिसका सजीव प्रसारण पूरे प्रदेश के साथ गाजीपुर के रायफल क्लब सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में देखा और सुना गया।जनपद स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सपना सिंह, विशिष्ट अतिथि जखनियां विधायक बेदी राम, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती सरिता अग्रवाल, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद तथा जिला विकास अधिकारी राजन राय सहित अन्य अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि “शिक्षक समाज का दीपक है। यदि दीपक ही बीमार रहेगा तो समाज को रोशनी कौन देगा। इसलिए सरकार ने शिक्षकों को स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं से मुक्त करने का निर्णय लिया है, ताकि वे पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में जुट सकें।” उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र शिक्षकों को सूचीबद्ध सरकारी एवं निजी अस्पतालों में ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही पंजाब नेशनल बैंक के साथ हुए समझौते के माध्यम से दुर्घटना बीमा एवं टर्म लाइफ इंश्योरेंस का लाभ भी दिया जाएगा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सपना सिंह ने कहा कि सरकार ने शिक्षकों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित कर एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में जनपद गाजीपुर के पांच महाविद्यालयों के 22 शिक्षकों को योजना से लाभान्वित किया गया है। आने वाले समय में जनपद के 380 महाविद्यालयों के शिक्षक इस योजना से आच्छादित होंगे। उन्होंने कहा कि गाजीपुर इस योजना का लाभ पाने वाले प्रदेश के सबसे प्रमुख जनपदों में शामिल होगा।जखनियां विधायक बेदी राम ने कहा कि यह दिन शिक्षक समाज के लिए ऐतिहासिक है। मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई यह योजना शिक्षकों को आर्थिक चिंता से मुक्त करेगी और वे बिना किसी तनाव के अपने शैक्षिक दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती सरिता अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। अब शिक्षकों और उनके परिवार को इलाज के लिए आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ेगा, बल्कि सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। इससे शिक्षकों का मनोबल बढ़ेगा और वे पूरी निष्ठा के साथ शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दे सकेंगे।इस अवसर पर राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनीता कुमारी ने योजना से लाभान्वित शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं शिक्षा विभाग से जुड़े लोग उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना को शिक्षकों के स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और सम्मान की दिशा में प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी पहल माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button