गाजीपुर : मतदेय स्थलों के सम्भाजन में पारदर्शिता पर जोर, 11 जुलाई तक मांगे जाएंगे सुझाव व आपत्तियां

मतदेय स्थलों के सम्भाजन में पारदर्शिता पर जोर, 11 जुलाई तक मांगे जाएंगे सुझाव व आपत्तियां
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, मतदाताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश

गाजीपुर, 1 जुलाई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जनपद में मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथों) के युक्तिकरण एवं सम्भाजन को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदेय स्थलों के सम्भाजन की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित हो। उन्होंने कहा कि नए मतदेय स्थलों के निर्धारण में मतदाताओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी, ताकि किसी भी मतदाता को मतदान केंद्र तक पहुंचने में अनावश्यक दूरी तय न करनी पड़े।जिला निर्वाचन अधिकारी ने सत्यापन के बाद संशोधित मतदेय स्थलों की सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराते हुए उसका गहन परीक्षण करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदेय स्थल के भवन की स्थिति, दूरी अथवा अन्य किसी प्रकार की विसंगति हो तो उसकी सूचना तत्काल जिला निर्वाचन कार्यालय अथवा संबंधित उप जिला निर्वाचन अधिकारी को उपलब्ध कराई जाए।बैठक में बताया गया कि 4 जुलाई 2026 को मतदेय स्थल सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा, जबकि 11 जुलाई 2026 तक राजनीतिक दल एवं अन्य संबंधित पक्ष अपने सुझाव एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे।जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान प्रक्रिया का सुगम और निष्पक्ष होना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से मतदेय स्थलों का पुनर्गठन किया जा रहा है ताकि प्रत्येक मतदाता बिना किसी कठिनाई के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।बैठक के दौरान समाजवादी पार्टी के जिला सचिव राजेश यादव ने सुझाव दिया कि जिन विद्यालयों में छात्र संख्या कम होने के कारण पढ़ाई बंद हो चुकी है, लेकिन भवन सुरक्षित एवं पूर्व से मतदेय स्थल के रूप में उपयोग हो रहे हैं, उन्हें यथावत रखा जाए। इस पर जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को इस सुझाव पर आवश्यक विचार करने के निर्देश दिए।बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी वेद सिंह चौहान, सभी उपजिलाधिकारी, भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा निर्वाचन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।



