गाजीपुर : दो दिन में हो हरे चारे की व्यवस्था: डीएम

गाजीपुर
दो दिन में हो हरे चारे की व्यवस्था: डीएम
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में मंगलवार को गोआश्रय स्थलों के सम्बन्ध में जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गयी। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा समस्त गोआश्रय स्थलों की तारबन्दी कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि गोआश्रय स्थलों पर रखे गए गोसेवकों एवं रात्रि चौकीदार को मनरेगा की दर से मासिक भुगतान किया जायेगा।
गोआश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के भरण पोषण के लिए कुछ गोआश्रय स्थल पर हरे चारे की व्यवस्था न होने पर, नाराजगी व्यक्त करते हुए जनपद के समस्त उप जिलाधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारी को चारा उगाने वाले किसानों से अनुबन्ध कर दो दिन में हरे चारे की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी द्वारा जिला पंचायत राज अधिकारी को जनपद के समस्त अवशेष गोआश्रय स्थलों में तत्काल सी०सी०टी०वी० कैमरा एवं वाई फाई लगाने के निर्देश दिए गए।मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा० अरविन्द कुमार शाही द्वारा अवगत कराया गया कि 15 अप्रैल 2026 से जनपद के समस्त गोआश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के भरण पोषण के लिए भूसा संग्रहण अभियान चलाया जा रहा है जिसमें आगामी छः माह की आवश्यकता के लिए दान एवं क्रय के माध्यम से भूसा संग्रह किया जा रहा है। बैठक में सन्तोष कुमार वैश्य मुख्य विकास अधिकारी, सुभाष चन्द्र सरोज जिला विकास अधिकारी, दीन दयाल वर्मा परियोजना निदेशक, रमेश चन्द्र उपाध्याय जिला पंचायत राज अधिकारी, डा० अरविन्द कुमार शाही मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, डा० राकेश कुमार गौतम नोडल अधिकारी, गोशाला, जनपद के समस्त उप जिलाधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद / नगर पंचायत, पशु चिकित्साधिकारी एवं गोआश्रय स्थलों के समस्त जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी उपस्थिति रहे।



