गाजीपुर (जखनियां) : अलीपुर मदंरा में गूंजा भक्ति का स्वर: भव्य सत्संग व विशाल भंडारे में उमडा़ जनसैलाब

अलीपुर मदंरा में गूंजा भक्ति का स्वर: भव्य सत्संग व विशाल भंडारे में उमडा़ जनसैलाब

गाजीपुर (जखनियां), 05 मई 2026, मंगलवार जखनियां क्षेत्र के अलीपुर मदंरा गांव में मंगलवार की सायंकाल भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब जय गुरुबन्दे स्वर योग साधना के तत्वावधान में भव्य आध्यात्मिक सत्संग एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। शाम 6 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में क्षेत्र सहित दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को भव्यता प्रदान की।सत्संग के दौरान भक्ति संगीत, मधुर भजन और विशेष उल्टी वाणी के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराई गई। “साहेब सबका… जय गुरुबन्दे…” के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। उपस्थित जनसमूह श्रद्धा और भक्ति में डूबा नजर आया।
महाराज श्री के वचनों में आध्यात्मिक संदेश,
इस अवसर पर महाराज श्री ने अपने प्रेरणादायक प्रवचनों में कहा—
“मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य आत्मा की शुद्धि और परमात्मा से जुड़ाव है। सत्संग वह माध्यम है, जो भटके हुए मन को सही दिशा देता है और जीवन में शांति, संतुलन तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। जो व्यक्ति सत्संग से जुड़ता है, उसका जीवन स्वतः ही सरल, सार्थक और आनंदमय हो जाता है।”उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में सत्संग ही एक ऐसा साधन है, जो मनुष्य को मानसिक तनाव से मुक्त कर उसे आत्मिक शांति प्रदान करता है।
विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद,
सत्संग के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन की सुव्यवस्थित व्यवस्था एवं सेवा भाव ने सभी को प्रभावित किया।
संस्था का सामाजिक योगदान भी उल्लेखनीय,
संस्था से जुड़े ऋषिदेव यादव (लोक निर्माण विभाग) एवं शशिदास (शिक्षक व मीडिया प्रभारी) ने बताया कि जय गुरुबन्दे स्वर योग साधना के देशभर में कई आश्रम संचालित हैं। इन आश्रमों के माध्यम से न केवल आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, बल्कि समाज सेवा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि गरीब, विधवा एवं लकवा से पीड़ित महिलाओं को निःशुल्क उपचार सुविधा प्रदान की जा रही है। साथ ही गाजीपुर के नगवा चौकिया स्थित आश्रम में प्रत्येक माह की 4 एवं 19 तारीख को नियमित रूप से भजन, सत्संग और उल्टी वाणी के कार्यक्रम आयोजित होते हैं।
आयोजकों ने जताया आभार,
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी की उपस्थिति से ही यह आयोजन सफल और सार्थक बन पाया। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।अलीपुर मदरा का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक एकता और आध्यात्मिक जागरूकता का भी सशक्त संदेश देकर गया।



