गाजीपुर : गाजीपुर में 120 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक भर्ती प्रक्रिया शुरू

गाजीपुर में 120 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक भर्ती प्रक्रिया शुरू
गाजीपुर 02 मई, 2026। जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चन्द्र उपाध्याय ने जानकारी दी है कि जनपद की ग्राम पंचायतों में प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से पंचायत सहायक/एकाउंटेंट-कम-डाटा एंट्री ऑपरेटर के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। शासन के निर्देशानुसार जिले की 120 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों की नियुक्ति की जाएगी।उन्होंने बताया कि इस पहल से जहां ग्राम सचिवालयों की कार्यप्रणाली को मजबूती मिलेगी, वहीं स्थानीय युवाओं को अपने ही गांव में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी एवं मानकों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को अवसर मिल सके।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 02 मई से 04 मई तक ग्राम पंचायत कार्यालय, विकास खंड कार्यालय एवं जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में सूचना चस्पा कर तथा मुनादी के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। इसके बाद 02 मई से 20 मई तक अभ्यर्थी स्वयं या पंजीकृत डाक के माध्यम से आवेदन पत्र संबंधित कार्यालयों में जमा कर सकेंगे।20 मई से 26 मई तक प्राप्त आवेदन पत्रों को संबंधित ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराया जाएगा। इसके पश्चात 26 मई से 30 मई तक ग्राम पंचायत स्तर पर प्राप्त आवेदनों की मेरिट सूची तैयार कर प्रशासनिक समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। समिति द्वारा अनुमोदित सूची को जिला स्तरीय समिति के समक्ष भेजा जाएगा।जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति 30 मई से 06 जून तक आवेदनों का परीक्षण एवं संस्तुति करेगी। इसके बाद 07 जून से 08 जून तक चयनित अभ्यर्थियों को अनुबंध पत्र जारी किए जाएंगे।जिले के विभिन्न विकास खंडों में रिक्त पदों का विवरण इस प्रकार है—जमानियां व देवकली में 08-08, मनिहारी व सदर में 15-15, सादात में 06, करंडा व बिरनो में 03-03, मरदह में 18, सैदपुर में 13, बाराचवर व मुहम्मदाबाद में 07-07, भांवरकोल में 02 तथा रेवतीपुर, भदौरा व कासिमाबाद में 07-07 पद रिक्त हैं।इस भर्ती प्रक्रिया से ग्राम सचिवालयों में डिजिटल एवं प्रशासनिक कार्यों को गति मिलेगी तथा ग्रामीणों को प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सेवाएं समय पर उपलब्ध हो सकेंगी।



