गाजीपुर : कांवर यात्रा को लेकर एसपी डॉ ईरज राजा ने किया घाटों व मुख्य मार्गों का स्थलीय निरीक्षण

कांवर यात्रा को लेकर एसपी डॉ ईरज राजा ने किया घाटों व मुख्य मार्गों का स्थलीय निरीक्षण
ददरी घाट से मिश्र बाजार, रौजा, जमानियां मोड़, जंगीपुर मार्केट व हाईवे रूट का लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

गाजीपुर। श्रावण मास में चल रही कांवर यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गाजीपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में सोमवार, 10 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डाक्टर ईरज राजा द्वारा जनपद के विभिन्न प्रमुख घाटों एवं कांवर यात्रा के मुख्य मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।पुलिस अधीक्षक ने सबसे पहले कांवर यात्रियों की आवाजाही और जल भरने के लिए महत्वपूर्ण विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, आवागमन, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों के संबंध में संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जानकारी ली गई।इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक द्वारा ददरी घाट से मिश्र बाजार, रौजा, जमानियां मोड़, जंगीपुर मार्केट तथा हाईवे तक कांवर यात्रा के निर्धारित एवं प्रमुख मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया। उन्होंने मार्ग में पड़ने वाले संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों को चिन्हित करते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा कांवरियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवर यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार पेट्रोलिंग, यातायात नियंत्रण तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए।उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि कांवर यात्रा के दौरान भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल प्रभावी यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। घाटों एवं यात्रा मार्गों पर पुलिस की मौजूदगी बनाए रखने के साथ-साथ असामाजिक एवं अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए।पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कांवर यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते हुए व्यवस्थाओं की निगरानी करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक के स्थलीय निरीक्षण से कांवर यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस की तैयारियों का जायजा लिया गया। जनपद पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और यात्रा को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

