ईसानगर-खीरी : ईसानगर में किशोर पर मगरमच्छ का हमला, किशोर का नहीं चल सका सुराग

ईसानगर में किशोर पर मगरमच्छ का हमला, किशोर का नहीं चल सका सुराग
शौच के लिए गया था बालक, मगरमच्छ किशोर को खींचकर गहरे पानी में हुआ गायब
(अनुपम मिश्रा)
ईसानगर-खीरी। ईसानगर थाना क्षेत्र में जंगली जानवरों का आतंक रुकने का नाम नहीं ले रहा है, जंगली जानवरों
के आतंक से पूरा क्षेत्र दहशत में है, जंगली जानवरों के आतंक के बीच अब मगरमच्छ के हमले का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहाँ एक ओर अभी बीते दिनों रायपुर निवासी नंदराम के इकलौते आठ वर्षीय बेटे शुभम को तेंदुए ने अपना निवाला बना लिया था उसी के ठीक आठवें दिन रविवार दोपहर बाद एक 12 वर्षीय बालक को मगरमच्छ ने अपना शिकार बना डाला मगरमच्छ किशोर को
पानी के किनारे से दबोचकर गहरे पानी में खींच ले गया, उसके मौजूद साथी ने घर पहुंच कर परिजनों को सारी जानकारी दी जिसके बाद परिजन रोते चिल्लाते हुए
घटना स्थल पहुँच गए,
घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, थाना ईसानगर क्षेत्र के ग्राम भट्ठापुरवा मजरा बेल्तुआ निवासी लालमन का बारह वर्षीय बेटा प्रताप रविवार दोपहर बाद गांव के बाहर स्थित दहौरा नाला के पास भैंस चराने गया हुआ था, इसी दौरान वह शौच के लिए पानी के किनारे पहुंचा ही था,जहां पहले से मौजूद मगरमच्छ ने उस पर अचानक हमला कर दिया और उसे दबोचकर गहरे पानी में लेकर गायब हो गया।
इस वारदात के समय उसके साथ मौजूद करीब पांच वर्षीय बालक ने फ़ौरन घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुँच गए। घटना की सूचना पाकर पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई । अधिकारियों ने उसके साथी बालक से घटना की पूरी जानकारी ली और सोमवार सुबह पानी में सर्च अभियान चलाने की तैयारी शुरू कर दी। घटना से नाराज ग्रामीणों ने धौरहरा के वन क्षेत्राधिकारी को मौके पर बुलाकर जांच कराने और मगरमच्छ को पकड़ने की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच काफी गहमागहमी भी हुई। सोमवार की सुबह तक लापता बालक का कोई सुराग नहीं मिल सका। जिसको लेकर पूरे क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद से परिजनों में चीख पुकार मची हुई है।



