ईसानगर,धौरहरा(खीरी) : लोग बोले-वर्दी पर लगा खून बता रहा है, साहब ने ड्यूटी नहीं….. इंसानियत निभाई है।

लोग बोले-वर्दी पर लगा खून बता रहा है, साहब ने ड्यूटी नहीं….. इंसानियत निभाई है।

हादसे के बीच इंसानियत की मिसाल बने ईसानगर थानाध्यक्ष निर्मल तिवारी

(अनुपम मिश्रा)

ईसानगर,धौरहरा(खीरी)। एनएच-730 पर सोमवार सुबह साढ़े सात बजे के करीब हुए भीषण दर्दनाक सड़क हादसे के बाद जहां हर तरफ चीख-पुकार और अफरा-तफरी मची हुई थी, वहीं ईसानगर थाना प्रभारी निर्मल तिवारी राहत और बचाव का सबसे मजबूत सहारा बनकर सामने आए और घटना स्थल पर पहुँचते ही फ़ौरन राहत और बचाव कार्य में जुट गए, ज्ञात हो..सोमवार की सुबह हुए इस बड़े दर्दनाक हादसे में दस लोगों की जान चली गई।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ईसानगर निर्मल तिवारी तुरंत मौके पर पहुंचे और अपनी परवाह किए बिना घायलों को बचाने में जुट गए,कभी घायल को उठाकर एंबुलेंस तक पहुंचाया, तो कभी वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए खुद अंदर घुस गए।
एक तरफ लगातार फोन कॉल्स और दूसरी तरफ मौत से जंग लड़ते लोग,लेकिन निर्मल तिवारी हर हाल में लोगों की जिंदगी बचाने के लिए डटे रहे। उनकी वर्दी पसीने और खून से भीग चुकी थी, मगर चेहरे पर सिर्फ एक ही चिंता थी किसी की सांस ना टूटे।
जो दर्द में भी लोगों का सहारा बन जाए,असल में वही पुलिस वाला कहलाए….,मौके पर मौजूद लोगों की आंखों में डर था, लेकिन दिल में इस बात का सुकून भी था कि कोई अपनी जान की परवाह किए बिना उनकी मदद कर रहा है।
ईसानगर थानाध्यक्ष निर्मल तिवारी की इंसानियत और दरियादिली की लोग भूरि भूरि प्रशंसा करते दिखाई दिए। इस दर्दनाक हादसे का वीभत्स मंजर देख लोग सहम गए और उनकी ऑंखें नम हो गईं।
दर्दनाक घटना को देख लोगों में हाइवे पर मौत बाँट रहे अवैध रूप से संचालित प्राइवेट टैक्सी व ऑटो के प्रति लोगों में आक्रोश दिखा।
लोगों का आरोप है कि पीलीभीत – बस्ती हाइवे पर सिसैया चौराहे से लेकर लखीमपुर तक अनगिनत सी एन जी ऑटो व बैटरी ई रिक्शा तथा तमाम मैजिक मानकों तो ताख पर रखकर फर्राटा भर रहें हैं, लोगों का आरोप है कि ये वाहन बेतरतीब तरीके से कम किराये का लालच देकर लोगों को मौत के मुँह में धकेल रहे हैं और मूक दर्शक बना प्रशासन इन पर कोई कार्रवाई नहीं करता है,लोगों ने कहा कि ज़ब ज़ब कोई बड़ी घटना होती है उसके बाद ही प्रशासन की आँख खुलती है और सक्रिय होता है,कुछ दिन तक धड़ पकड़ करने के बाद इति श्री कर लेता है, जिससे इन प्राइवेट वाहन चालकों में प्रशासन का जरा सा भी डर नहीं है और ये डग्गामार प्राइवेट वाहन चालक अपनी करतूतों से बाज नहीं आते और प्रशासन की आँख में धूल झोंककर अपना उल्लू सीधा करते नजर आ रहे हैं, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।
लखीमपुर खीरी से अनुपम मिश्रा की रिपोर्ट



