मानवेंदु पाण्डेय दूसरी बार निर्विरोध बने जिलाध्यक्ष, लल्लन राम को मिली जिला मंत्री की जिम्मेदारी

मानवेंदु पाण्डेय दूसरी बार निर्विरोध बने जिलाध्यक्ष, लल्लन राम को मिली जिला मंत्री की जिम्मेदारी

गाजीपुर। जनपद में बेसिक हेल्थ वर्कर्स एसोसिएशन एवं मातृ शिशु महिला कल्याण कर्मचारी संघ की ओर से सोमवार को लंका मैदान स्थित मैरिज हाल में संयुक्त रूप से कृतज्ञता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बेसिक हेल्थ वर्कर्स एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष धनंजय तिवारी के 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होने पर उन्हें अंगवस्त्रम, स्मृति चिह्न एवं फूलमाला भेंटकर सम्मानित किया गया। समारोह में प्रदेश के करीब 30 जनपदों से पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील पाण्डेय तथा विशिष्ट अतिथि अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पीके सिंह रहे। इस दौरान संगठन की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा भी हुई। बेसिक हेल्थ वर्कर्स एसोसिएशन में मानवेंदु पाण्डेय को लगातार दूसरी बार निर्विरोध जिलाध्यक्ष चुना गया, जबकि लल्लन राम को जिला मंत्री बनाया गया। वहीं मातृ शिशु महिला कल्याण कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष श्रीलता तथा जिला मंत्री रिन्दू पाण्डेय चुनी गईं। कार्यक्रम में प्रांतीय महामंत्री शिवसागर शुक्ला, प्रांतीय अध्यक्ष जय नारायण सेन, मीरा पासवान सहित विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे। वक्ताओं ने सेवानिवृत्त पदाधिकारियों के सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके योगदान को याद किया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।



