
दीपावली और छठ पर्व पर मिलावटखोरों के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान, मिठाई-दूध के प्रतिष्ठानों पर रोज होगी जांच
डीएम अनुपम शुक्ला ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, मिड-डे मील, कस्तूरबा विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के खाद्य पदार्थों की भी होगी नियमित जांच
गाजीपुर, 31 अक्टूबर 2026। आगामी दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज एवं छठ पर्व को देखते हुए जनपद में मिलावटी और अधोमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर मिलावटखोरों के खिलाफ नियमित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से मिठाई बनाने और बेचने वाले बड़े प्रतिष्ठानों के साथ दूध एवं दुग्ध उत्पादों की प्रतिदिन जांच करने पर जोर दिया गया है जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित जिलास्तरीय समिति की बैठक में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित खाद्य सामग्री की उपलब्धता और मिलावट पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में अधोमानक, मिलावटी एवं स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जाए। इसके लिए बड़े मिठाई प्रतिष्ठानों, दुग्ध कारोबारियों और खाद्य सामग्री बेचने वाले प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी रखी जाए।बैठक में बच्चों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी जिलाधिकारी ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के लिए तैयार होने वाले मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में बनने वाले भोजन की नियमित जांच कराने को कहा। इस कार्य में खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को सहयोग उपलब्ध कराने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया।इसी प्रकार आंगनबाड़ी केंद्रों पर वितरित होने वाले बाल विकास पुष्टाहार के अंतर्गत खाद्य सामग्रियों की भी नियमित जांच कराने के निर्देश दिए गए। इसके लिए बाल विकास पुष्टाहार विभाग के अधिकारियों को खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा गया।जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित बड़े खाद्य प्रतिष्ठानों एवं होटलों का नियमित निरीक्षण करने और उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।बैठक में उपस्थित खाद्य व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने विभागीय अधिकारियों को मिलावट के खिलाफ अभियान में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। व्यापारियों से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित मानकों का पालन करने की अपेक्षा की गई।बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी दिनेश त्रिवेदी, जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) कृपाशंकर राय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, उपायुक्त राज्य कर विभाग सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।इसके अलावा उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अशोक अग्रहरि, केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष नागमणि मिश्र, सचिव बृजेश पाण्डेय, मनोज पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से सहायक आयुक्त (खाद्य) रमेश चन्द्र पाण्डेय तथा जनपद के समस्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी बैठक में शामिल रहे।



