
गैंगस्टर गैंगलीडर के सरकारी जमीन पर बने अवैध मकान पर चला बुलडोजर
राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम पलिवार में की कार्रवाई, एसडीएम जखनियां के आदेश पर ध्वस्तीकरण
बहरियाबाद। गाजीपुर। अपराधियों एवं संगठित गिरोहों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को थाना बहरियाबाद क्षेत्र के ग्राम पलिवार में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। उपजिलाधिकारी जखनियां के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट के गैंगलीडर चंद्रशेखर राम द्वारा ग्राम सभा की जमीन पर कथित रूप से बनाए गए पक्के मकान को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कराया गया।पुलिस के अनुसार थाना बहरियाबाद में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 160/2026 में धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद गैंगलीडर चंद्रशेखर राम द्वारा ग्राम पलिवार में ग्राम सभा की भूमि पर बनाए गए मकान को चिन्हित किया गया था।उपजिलाधिकारी जखनियां के आदेश पर राजस्व निरीक्षक एवं लेखपालों की टीम ने भूमि की पैमाइश की। पुलिस के मुताबिक जांच में निर्माण सरकारी भूमि पर पाया गया। इसके बाद बुधवार को राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम की मौजूदगी में जेसीबी से उक्त मकान को नियमानुसार ध्वस्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मौजूद रहा।पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में दो दिन पूर्व ही गैंग संख्या 151/2026 पंजीकृत कर उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धारा 3(1) के तहत अभियोग दर्ज किया गया था। इसके बाद प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया।कार्रवाई में तहसीलदार नीरज चतुर्वेदी, राजस्व निरीक्षक धीरेन्द्र सिंह, सुधाकर पाण्डेय, लेखपाल सौरभ सिंह, जितेन्द्र यादव, महेन्द्र प्रजापति, आशुतोष पाण्डेय, अंकित राय, अर्जित शुक्ला, कु. दिव्यांगनी एवं कु. साधना सहित राजस्व टीम मौजूद रही।पुलिस टीम में थाना बहरियाबाद के थानाध्यक्ष बासदेव प्रसाद, उपनिरीक्षक सुरेश कुमार बिन्द मय हमराह तथा थाना सादात के उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार मिश्रा मय हमराह शामिल रहे।



