
वाराणसी स्नातक-शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में विधान परिषद चुनाव का कार्यक्रम घोषित
29 सितंबर को जारी होगी अधिसूचना, 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना
गाजीपुर।उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में रिक्त होने वाली सीटों के लिए द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 का कार्यक्रम भारत निर्वाचन आयोग ने निर्धारित कर दिया है। खंड स्नातक से निर्वाचित सदस्य आशुतोष सिन्हा तथा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य लाल बिहारी यादव का कार्यकाल छह दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 को जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर तथा नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित की गई है। मतदान 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को होगी तथा निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।जिलाधिकारी/सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, वाराणसी खंड स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र ने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही वाराणसी स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में शामिल सभी जनपदों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार संबंधित अधिकारियों एवं सभी संबंधित पक्षों को आचार संहिता का अनुपालन सुनिश्चित करना होगा।



