
राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी व सम्प्रेक्षण गृह का औचक निरीक्षण
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव नीरज गोंड ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा, भोजन और स्वास्थ्य सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
गाजीपुर। माननीय उच्च न्यायालय की किशोर न्याय समिति, इलाहाबाद के निर्देशों के अनुपालन में मंगलवार को राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी गाजीपुर एवं राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) गाजीपुर का औचक निरीक्षण किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव नीरज गोंड ने दोनों संस्थानों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित पाए गए। आवासित किशोरों की उपस्थिति पंजिका का भी अवलोकन किया गया, जिसमें 22 सितंबर 2026 के अनुसार किशोर उपस्थित पाए गए।निरीक्षण के दौरान सचिव नीरज गोंड ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किशोरों को निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही परिसर में साफ-सफाई, कपड़ों तथा स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।उन्होंने किशोरों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही बच्चों को प्रतिदिन शारीरिक गतिविधियों में शामिल कराने और उनकी शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के लिए भी निर्देशित किया।निरीक्षण के दौरान किसी भी बालक द्वारा किसी प्रकार के उत्पीड़न अथवा परेशानी की शिकायत नहीं की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किशोरों की आवश्यकताओं और सुविधाओं का निरंतर ध्यान रखते हुए शासन एवं न्यायालय के निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए।



