महिलाओं को अधिकारों, स्वरोजगार और कानूनी सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
महिला कल्याण व जागरूकता सम्मेलन 2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित

महिलाओं को अधिकारों, स्वरोजगार और कानूनी सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
महिला कल्याण व जागरूकता सम्मेलन 2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित

गाजीपुर। बांस गांव संदेश। महिला कल्याण एवं जन उत्थान फाउण्डेशन के बैनर तले शुक्रवार को गाजीपुर में ‘महिला कल्याण व जागरूकता सम्मेलन 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, स्वरोजगार, कानूनी सुरक्षा तथा समाज में उनकी निर्णायक भागीदारी के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक गाजीपुर तथा विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह एवं नगर पालिका अध्यक्षा/अधिशासी प्रतिनिधि सरिता अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में फाउण्डेशन के पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों का अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।सम्मेलन को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा तथा उन्हें त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के लिए पुलिस सदैव तत्पर है। उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं से किसी भी प्रकार की समस्या अथवा उत्पीड़न की स्थिति में निडर होकर अपनी बात रखने तथा आपात स्थिति में तत्काल पुलिस की सहायता लेने का आह्वान किया।उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ ही उपलब्ध कानूनी एवं पुलिस सहायता का आवश्यकता पड़ने पर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। सम्मेलन में महिला सुरक्षा, शिक्षा, आत्मनिर्भरता, स्वरोजगार तथा सामाजिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई।कार्यक्रम के दौरान समाज, शिक्षा, सामाजिक सेवा एवं प्रशासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर महिलाओं ने इसे अपने कार्यों के प्रति प्रोत्साहन बताते हुए समाज में महिलाओं की भागीदारी को और मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया।आयोजकों ने कहा कि महिलाओं को जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाना ही सशक्त समाज की आधारशिला है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी मिलने के साथ-साथ उन्हें आगे बढ़ने और समाज में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरणा मिलती है।सम्मेलन में फाउण्डेशन के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं, बालिकाएं तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



