फरियादियों का सम्मान और समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण होगी पहली प्राथमिकता : नीरज चतुर्वेदी
जखनियां तहसील के नए तहसीलदार ने 17 सितंबर को ग्रहण किया कार्यभार, पत्रकारों से बातचीत में बताई प्राथमिकताएं
फरियादियों का सम्मान और समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण होगी पहली प्राथमिकता : नीरज चतुर्वेदी
जखनियां तहसील के नए तहसीलदार ने 17 सितंबर को ग्रहण किया कार्यभार, पत्रकारों से बातचीत में बताई प्राथमिकताएं
जखनियां, गाजीपुर। तहसील जखनियां में नए तहसीलदार के रूप में नीरज चतुर्वेदी ने 17 सितंबर को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। इससे पूर्व वह उन्नाव जनपद के पुर्वा में तहसीलदार के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने तहसील की कार्यप्रणाली और जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं।पत्रकारों की टीम से बातचीत के दौरान तहसीलदार नीरज चतुर्वेदी ने कहा कि तहसील में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना जाएगा। फरियादियों की समस्याओं का पूर्ण गुणवत्तापूर्ण एवं नियमानुसार समाधान कराना उनकी प्रमुख प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या लेकर तहसील आने पर सम्मान के साथ सुना जाना चाहिए और उसे अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।उन्होंने कहा कि काम के साथ-साथ फरियादियों का सम्मान भी अत्यंत आवश्यक है। तहसील स्तर पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और निष्पक्षता बरती जाएगी। उनका प्रयास रहेगा कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।नए तहसीलदार ने यह भी संकेत दिया कि राजस्व संबंधी मामलों, जनशिकायतों और अन्य प्रशासनिक कार्यों में नियमानुसार कार्रवाई को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना तथा जनता का विश्वास कायम रखना उनकी जिम्मेदारी होगी।नीरज चतुर्वेदी के जखनियां तहसीलदार के रूप में कार्यभार संभालने के बाद क्षेत्रीय लोगों को उम्मीद है कि तहसील स्तर पर उनकी समस्याओं की सुनवाई और निस्तारण की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाया जाएगा।



