मैनपुरी CO विवाद पर अखिलेश का पलटवार, छात्र सभा को दिया नया मंत्र – PDA का मतलब प्रेम, दया, अपनापन

मैनपुरी CO विवाद पर अखिलेश का पलटवार, छात्र सभा को दिया नया मंत्र – PDA का मतलब प्रेम, दया, अपनापन
*लखनऊ।* समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मैनपुरी के सीओ सिटी अशोक सिंह के वायरल वीडियो पर करारा तंज कसा है। लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में जब उनसे सीओ के उस बयान पर सवाल पूछा गया जिसमें सीओ मूंछों पर ताव देकर ‘अखिलेश को बताने’ की बात कह रहे थे, तो अखिलेश ने मुस्कुराते हुए कहा- *”मैंने वीडियो देखा, उसकी मूंछें छोटी थीं।”*
दरअसल, कुछ दिन पहले सीओ अशोक सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ था। विवाद बढ़ने पर सीओ ने सफाई दी थी कि उनके वीडियो को क्रॉप कर गलत तरीके से फैलाया गया है।
*Gen-Z को साधने का प्लान, कैंपस-कैंपस जाएगी छात्र सभा*
अखिलेश यादव ने इस दौरान 2027 की तैयारी का बड़ा ऐलान भी किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी छात्र सभा अब *’छात्र जागरूकता अभियान’* शुरू करेगी। इसके तहत कार्यकर्ता यूनिवर्सिटी और कॉलेज कैंपस में जाएंगे, छात्रों से सीधे संवाद करेंगे और उनके सुझावों को सपा के घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार बनी तो छात्र संघों को विदेश में स्टडी टूर पर भी भेजा जाएगा ताकि वे दुनिया के स्टूडेंट यूनियन मॉडल को समझ सकें।
*PDA की नई परिभाषा और नीले रंग पर बड़ी बात*
PDA को लेकर अखिलेश ने कहा कि सपा के लिए PDA सिर्फ पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक का राजनीतिक समीकरण नहीं है। *PDA का असली मतलब है – प्रेम, दया और अपनापन।* सपा पीड़ित, दुखी और अपमानित लोगों को जोड़कर सामाजिक न्याय का राज लाना चाहती है।
वहीं छात्र सभा में नीले रंग के इस्तेमाल पर उन्होंने कहा कि *”नीला रंग जोड़ने का प्रतीक है, विचारधारा का रंग है।”* जींस भी अन्याय के खिलाफ लड़ने वाले का प्रतीक है।
इसी के साथ बीजेपी पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि बीजेपी के लोग रंगों से डरते हैं। जो लोग भगवान के नाम पर चढ़ावा और चंदा चोरी करते हैं, वे *बहरूपिया* हैं।



