Breaking Newsभारत

गोरखपुर जंक्शन पर हादसा: सीमेंट से लदी मालगाड़ी की 3 बोगियां पटरी से उतरीं, यार्ड में मचा हड़कंप; 7 घंटे बाद हुआ रिस्टोर, DRM ने लिया जायजा

गोरखपुर जंक्शन पर हादसा: सीमेंट से लदी मालगाड़ी की 3 बोगियां पटरी से उतरीं, यार्ड में मचा हड़कंप; 7 घंटे बाद हुआ रिस्टोर, DRM ने लिया जायजा

*गोरखपुर।* गोरखपुर जंक्शन पर सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। सीमेंट की बोरियों से लदी मालगाड़ी की तीन बोगियां पटरी से उतर गईं। घटना जंक्शन के लाइन नंबर 8 के पश्चिमी यार्ड में रात करीब 1 बजे हुई।

देर रात अचानक बोगियों के पटरी से उतरते ही मौके पर मौजूद रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रेलवे के आला अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने में जुट गई।

*मध्यप्रदेश से बिहार जा रही थी मालगाड़ी*
बताया जा रहा है कि यह मालगाड़ी मध्यप्रदेश से बिहार के नारायणपुर अनंत रेलवे स्टेशन जा रही थी। इसमें सीमेंट की बोरियां लदी हुई थीं। गोरखपुर जंक्शन के पश्चिमी यार्ड से गुजरते समय इसकी तीन बोगियां पटरी से नीचे उतर गईं।

हादसे के बाद सबसे पहले रेलवे कर्मचारियों ने पटरी से उतरी बोगियों को मालगाड़ी से अलग किया, ताकि बाकी मालगाड़ी को सुरक्षित तरीके से आगे भेजा जा सके।

*सुबह 8:10 बजे हटाई गईं बोगियां, 7 घंटे बाद रवाना हुई गाड़ी*
रेलवे प्रशासन की टीम ने कई घंटे की मशक्कत के बाद मंगलवार सुबह करीब 8:10 बजे पटरी से उतरी तीनों बोगियों को ट्रैक से हटाया। इसके बाद मालगाड़ी को री-रेल कर आगे के लिए रवाना कर दिया गया। इस पूरी प्रक्रिया में करीब 7 घंटे का समय लगा।

*DRM भी पहुंचे मौके पर, जांच में जुटा प्रशासन*
घटना की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार सुबह DRM भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों से पूरी जानकारी ली।

फिलहाल मालगाड़ी के डिरेल होने की असली वजह सामने नहीं आई है और किसी जनहानि की सूचना नहीं है। रेलवे प्रशासन ने बताया कि हादसा पश्चिमी यार्ड में होने के कारण मुख्य लाइन पर ट्रेनों के संचालन पर असर नहीं पड़ा। तकनीकी टीम हादसे के कारणों की जांच में जुटी है, जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि किन कारणों से बोगियां पटरी से उतरीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button