जखनियां (गाजीपुर) : जखनियां में पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिवस पर निकला भव्य जुलूस

जखनियां में पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिवस पर निकला भव्य जुलूस
शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश लेकर उमड़ा जनसैलाब, हिंदू समाज के लोगों ने भी बढ़ाया सौहार्द का हाथ

जखनियां (गाजीपुर)। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को जखनियां तहसील क्षेत्र में अकीदत और उत्साह के साथ जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग जुलूस में शामिल होने के लिए पहुंचे। जुलूस के माध्यम से समाज में शांति, सद्भाव, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया गया।जुलूस क्षेत्र के अलीपुर मदंरा, जखनियां बाजार, बुढ़ानपुर, मुडियारी, दामोदरपुर सहित आसपास के विभिन्न गांवों से होकर जखनियां बाजार पहुंचा। अलग-अलग स्थानों से आए लोग जुलूस की शक्ल में बाजार एवं प्रमुख मार्गों पर भ्रमण करते हुए पैगंबर मोहम्मद साहब के जीवन एवं उनके बताए संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करते नजर आए।इस दौरान लोगों में धार्मिक आस्था एवं उत्साह देखने को मिला। जुलूस में शामिल लोगों ने शांति और भाईचारे का संदेश देते हुए समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द एवं एकता बनाए रखने का आह्वान किया। इंसानियत, अमन और आपसी भाईचारे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।जुलूस के दौरान क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द की खूबसूरत तस्वीर भी देखने को मिली। मुस्लिम समाज के लोगों के साथ हिंदू समाज के लोगों ने भी सहभागिता एवं सहयोग करते हुए आपसी भाईचारे का संदेश दिया। दोनों समुदायों के लोगों ने एक-दूसरे के पर्व एवं धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए ‘गंगा-जमुनी तहजीब’ की मिसाल पेश की।स्थानीय लोगों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य समाज में प्रेम, शांति और मानवता की भावना को मजबूत करना होना चाहिए। पैगंबर मोहम्मद साहब का जीवन भी इंसानियत, दया, करुणा, भाईचारे और शांति का संदेश देता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को भी प्रेम और सद्भाव के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल रहे। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। पूरे आयोजन के दौरान आपसी भाईचारे और सौहार्द का माहौल बना रहा। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम कोतवाली भुड़कुडा़ पुलिस द्वारा व्यापक रूप से किया गया था। आज इस जुलूस में प्रमुख रूप से प्रधान प्रतिनिधि अलीपुर मदंरा सर्वानंद सिंह झुन्ना अलीपुर मदंरा मस्जिद के इमाम मुमताज हाफिज सहित अलीपुर मदंरा मुस्लिम समुदाय के तमाम युवा व सम्मानित लोगो की मौजूदगी रही।जखनियां क्षेत्र में आयोजित इस जुलूस ने एक बार फिर एकता में विविधता और आपसी सद्भाव की मजबूत तस्वीर पेश की।



