लखनऊ के मानकनगर में नहर के रेगुलेटर में फंसे मिले 2 शव, एक के हाथ पर ‘महाकाल’ का टैटू

लखनऊ के मानकनगर में नहर के रेगुलेटर में फंसे मिले 2 शव, एक के हाथ पर ‘महाकाल’ का टैटू

*लखनऊ।* राजधानी के *मानकनगर थाना क्षेत्र* में बुधवार सुबह सनसनी फैल गई। *कनौसी पुल के पास नहर के रेगुलेटर में दो शव फंसे हुए मिले* हैं। दोनों शव पुरुषों के हैं।
*घटना का विवरण:*
पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब *7:30 बजे* रेगुलेटर में दो शव दिखने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने SDRF की मदद से दोनों शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। अभी तक दोनों की पहचान नहीं हो सकी है। मृतकों की उम्र लगभग *40 और 20 साल* बताई जा रही है।
*पहचान का निशान – महाकाल टैटू:*
20 साल के युवक के *दाहिने हाथ पर ‘महाकाल’ नाम का टैटू* बना हुआ है। पुलिस इसी टैटू को पहचान का आधार मानकर शिनाख्त कराने की कोशिश कर रही है। आसपास के थानों से संपर्क किया जा रहा है।
*क्या है सोमवार रात की घटना से कनेक्शन?*
पुलिस के अनुसार सोमवार देर रात नहर में दो युवकों के गिरने की सूचना मिली थी। सूचना पर SDRF ने करीब 24 घंटे तक सर्च अभियान चलाया था, लेकिन मंगलवार देर रात तक कोई बरामदगी नहीं हुई थी।
थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि सूचना देने वाला रविकांत मौर्य शराब के नशे में था। उसने बताया था कि नहर में गिरे दोनों युवक भी नशे में थे, इसलिए पुलिस उस सूचना को संदिग्ध मान रही थी। अब रेगुलेटर से मिले दोनों शवों का उसी घटना से कोई संबंध है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।



