यूपी चुनाव से पहले सपा का बड़ा दांव, ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ का ऐलान – सरकार बनी तो महिलाओं को हर साल मिलेंगे 40 हजार रुपये

यूपी चुनाव से पहले सपा का बड़ा दांव, ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ का ऐलान – सरकार बनी तो महिलाओं को हर साल मिलेंगे 40 हजार रुपये
*लखनऊ।* उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने महिला मतदाताओं को साधने के लिए बड़ा ऐलान किया है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा है कि यूपी में सपा सरकार बनने पर *’स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’* शुरू की जाएगी, जिसके तहत महिलाओं को *सालाना 40 हजार रुपये* की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
*सपा का क्या है प्लान?*
पार्टी सांसद डिंपल यादव ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इस योजना की पात्रता, प्रक्रिया और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
*आधी आबादी को पूरी आजादी दिलाने का संकल्प*
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि देश और समाज की प्रगति आधी आबादी की तरक्की के बिना अधूरी है। महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए उनकी सरकार के फैसले हमेशा अहम रहे हैं। ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ आधी आबादी को पूरी आजादी दिलाने का संकल्प है। भविष्य में इस राशि को बढ़ाया भी जाएगा।
*मुख्य घोषणाएं -*
– *इंटर पास बेटियों को लैपटॉप:* सपा सरकार ने पहले छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देकर तकनीक से जोड़ा था, अब इंटर पास करने वाली बेटियों को भी लैपटॉप देने की योजना है।
– *छात्राओं को फ्री मेट्रो यात्रा:* कार्ड के माध्यम से छात्राओं के लिए मेट्रो में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
– *’इज्जतघर’ का वादा:* महिलाओं के लिए बेहतर और विश्वस्तरीय सार्वजनिक शौचालय बनाकर उन्हें सम्मानजनक नाम ‘इज्जतघर’ दिया जाएगा।
– *102 एम्बुलेंस का जिक्र:* अखिलेश ने अपनी सरकार में शुरू हुई 102 एम्बुलेंस सेवा का जिक्र करते हुए वर्तमान व्यवस्था पर सवाल उठाए।
*भाजपा पर निशाना*
भाजपा पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लिए नारी सिर्फ एक राजनीतिक नारा बनकर रह गई है। उत्तर प्रदेश में आधी आबादी के साथ सबसे ज्यादा अन्याय हो रहा है। सपा महिलाओं में असुरक्षा की भावना को दूर करेगी और महिला आरक्षण लागू करने की भी मांग उठाई।



