Breaking Newsभारत

एयर रेड सायरन बजते ही हुआ ब्लैकआउट, अफीम फैक्ट्री में युद्धकालीन परिस्थितियों का सजीव अभ्यास

गाजीपुर में पहली जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए वृहद मॉकड्रिल, पुलिस, सीआईएसएफ, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने दिखाया बचाव एवं राहत कार्यों का कौशल

एयर रेड सायरन बजते ही हुआ ब्लैकआउट, अफीम फैक्ट्री में युद्धकालीन परिस्थितियों का सजीव अभ्यास

 

गाजीपुर में पहली जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए वृहद मॉकड्रिल, पुलिस, सीआईएसएफ, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने दिखाया बचाव एवं राहत कार्यों का कौशल

गाजीपुर। जनपद में युद्धकालीन एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से रविवार को शासकीय अफीम एवं क्षारोद कारखाना, कचहरी रोड गाजीपुर में वृहद एयर रेड एवं सिविल डिफेंस मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित इस संयुक्त अभ्यास में हवाई हमले की चेतावनी, ब्लैकआउट, आगजनी, बमबारी और घायलों को सुरक्षित निकालने सहित विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का सजीव प्रदर्शन किया गया।रविवार शाम 5:30 बजे से 6:30 बजे तक चले इस अभ्यास में मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी, पुलिस अधीक्षक नगर राकेश मिश्रा, अफीम फैक्ट्री के प्रबंधक रजत तिवारी तथा सीआईएसएफ के असिस्टेंट कमांडेंट गोविन्द नारायण मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।मॉकड्रिल के दौरान शाम छह बजे सीआईएसएफ बटालियन की ओर से मॉक एयर रेड सायरन बजाकर हवाई हमले की चेतावनी दी गई। सायरन बजते ही विद्युत विभाग ने निर्धारित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट का अभ्यास कराया। इस दौरान घरों और प्रतिष्ठानों की लाइटें बंद रखने तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। साथ ही नागरिकों को मोबाइल फोन की रोशनी और अन्य प्रकाश स्रोतों का अनावश्यक इस्तेमाल नहीं करने के प्रति जागरूक किया गया।शाम 6:10 बजे ऑल क्लियर सायरन बजने के बाद बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास शुरू हुआ। पुलिस बल, नेहरू युवा केंद्र के प्रतिनिधियों और आपदा मित्रों की टीम ने क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा उन्हें निर्धारित सुरक्षित स्थानों और शरणालयों तक पहुंचाने का प्रदर्शन किया।अग्निशमन विभाग और नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों ने आगजनी की घटनाओं पर नियंत्रण पाने के लिए अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल तथा आग बुझाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। वहीं स्वास्थ्य विभाग और रेडक्रॉस सोसाइटी की टीमों ने घायलों की स्थिति के अनुसार उनकी टैगिंग, प्राथमिक उपचार और गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया।इसके अतिरिक्त रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु (CBRN) आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के उपायों की भी जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि हवाई हमले की चेतावनी मिलने पर खुले स्थानों से दूर रहना चाहिए और सुरक्षित स्थान पर शरण लेनी चाहिए। यदि तत्काल सुरक्षित स्थान उपलब्ध न हो तो जमीन पर लेटकर सिर को हाथों, तकिये अथवा बैग से ढकना चाहिए। साथ ही प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करना चाहिए।मॉकड्रिल के समापन पर मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी ने सभी विभागों, सुरक्षा बलों और स्वयंसेवी संगठनों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के संयुक्त अभ्यास आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा बचाव एवं राहत कार्यों को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इस व्यापक अभ्यास में सीआईएसएफ बटालियन, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य, अग्निशमन, विद्युत, शिक्षा एवं सूचना विभाग, स्थानीय नगर निकाय, एनसीसी, नेहरू युवा केंद्र, रेडक्रॉस सोसाइटी, भारत स्काउट एवं गाइड, नवयुवक मंगल दल, नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों तथा आपदा मित्रों ने सक्रिय सहभागिता की।इस संयुक्त मॉकड्रिल के माध्यम से जनपद की आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों का परीक्षण किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों को किसी भी संभावित आपातकालीन परिस्थिति में त्वरित, संगठित और प्रभावी कार्रवाई करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button