
शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार
भुड़कुड़ा पुलिस ने जखनियां उत्तरी रेलवे क्रॉसिंग के पास से दबोचा, मुकदमा दर्ज होने के बाद से चल रही थी तलाश
जखनियां (गाजीपुर)। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत भुड़कुड़ा थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर संबंध बनाने के आरोप में वांछित एक अभियुक्त को मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को जखनियां उत्तरी रेलवे क्रॉसिंग के पास से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना भुड़कुड़ा में दर्ज मुकदमा संख्या 275/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 69, 115(2) एवं 352 से संबंधित मामले में पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में रविवार, 22 नवंबर 2026 को वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजेश कुमार गुप्ता अपनी हमराह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जखनियां उत्तरी रेलवे क्रॉसिंग के पास घेराबंदी कर आरोपी विशाल पुत्र गुड्डू उर्फ भोला, निवासी ग्राम घुट्ठा, थाना चंदवक, जनपद जौनपुर, उम्र लगभग 21 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध थाना भुड़कुड़ा में संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत है। गिरफ्तारी के बाद उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजेश कुमार गुप्ता एवं उनके हमराह पुलिसकर्मी शामिल रहे।



